क्या राहुल द्रविड़ और विक्रम राठौर के बीच कुछ अनबन चल रही है? भारत के बल्लेबाजी कोच का बयान कर सकता है आपको हैरान
बांग्लादेश बनाम भारत दूसरा टेस्ट मैच 22 दिसंबर से ढाका में खेला जा रहा है।
अद्यतन - दिसम्बर 22, 2022 4:28 अपराह्न

गाबा पिच को लेकर हुए बवाल का असर जारी बांग्लादेश बनाम भारत टेस्ट सीरीज में भी देखने को मिला। दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर को प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पिच को लेकर कम से कम छह सवाल किए गए, जिससे वे अंत में चिढ़ गए।
आपको बता दें, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच हाल ही में खेले गए पहले टेस्ट मैच के लिए गाबा पिच को खराब रेटिंग मिली और इस मैच के दो दिनों में ही समाप्त हो जाने के कारण पिच की काफी आलोचना भी की गई।
पिच को लेकर हुई सवालों की बारिश पर विक्रम राठौर ने खोया अपना आपा
इस बीच, ढाका में प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में विक्रम राठौर से बताया गया कि टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ पिच को लेकर चर्चा करने के लिए पिच क्यूरेटर के कमरे में गए और फिर उसी से रिलेटेड उनसे सवाल पूछा। जिससे हैरान होकर बल्लेबाजी कोच ने जवाब में कहा कि आप इसके बारे में जाके राहुल द्रविड़ से पूछिए।
विक्रम राठौर ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: “आपको यह सवाल राहुल द्रविड़ और पिच क्यूरेटर के पास जाकर पूछना चाहिए। मुझे नहीं पता कि उन दोनों के बीच क्या बातचीत हुई। हमें जो भी विकेट मिले, हमे कोई दिक्कत नहीं हैं। हमारी तरफ से पिच को लेकर कोई समस्या नहीं है। पिच बहुत सारी मृत घास से ढकी हुई है। यहां चीजें मुश्किल होने वाली है। मैं फिलहाल इस बारे में कुछ भी नहीं कह सकता कि हमें कितने रन बनाने होंगे, हमारी कोशिश केवल ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की है।
हम उम्मीद कर रहे हैं कि पिच अच्छी होगी। हम चाहते हैं कि टेस्ट मैच का परिणाम निकले। इस बार ढाका की पिच पहले से कहीं बेहतर नजर आ रही है। यह पहले काफी धीमा और नीचा विकेट हुआ करता था, और यहां कम स्कोर वाले मैच हुआ करते थे, लेकिन अब यह काफी बेहतर है। यहां वनडे मैचों में गेंदबाजों को अधिक मदद मिली थी, इसकी गति अधिक थी। मुझे यकीन है कि फैंस को रिजल्ट के साथ प्रतिस्पर्धी मुकाबला देखने को मिलेगा।”