‘शर्ट भी खोल ले अपना’- क्रीज पर समय खराब करने के लिए नजमुल हसन शंतो पर भड़के विराट
टेस्ट सीरीज में अब तक बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं विराट कोहली।
अद्यतन - Dec 24, 2022 1:52 pm

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और रन मशीन के नाम से मशहूर विराट कोहली को क्रिकेट के मैदान पर शांत रख पाना बहुत मुश्किल है। बल्ले के साथ-साथ विराट कोहली के हाव-भाव से भी वो मैदान पर काफी आक्रामक नजर आते हैं। तो वहीं ऐसी ही एक घटना बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान देखने को मिली।
दिन के आखिर में जब बांग्लादेशी बल्लेबाज मैदान पर समय बर्बाद करते दिखे तो इस हरकत को देख विराट कोहली भड़क गए। मामले के बारें में बताएं तो दूसरे दिन के अंतिम सेशन में मैदान पर रोशनी कम होने पर बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने समय बर्बाद करना शुरू कर दिया।
बता दें कि मैच के दूसरे दिन बांग्लादेशी पारी के छठे ओवर की पांचवीं गेंद के बाद नजमुल हसन शंतो ने अपने जूते के फीते बांधना शुरू कर दिया, जिसके बाद अंपायरों ने स्टंप्स के लिए कहा। नजमुल की इस हरकत पर विराट कोहली भड़क गए और उन्हें अपनी शर्ट खोलने का इशारा करते हुए कहा, ‘शर्ट भी खोल ले अपना’
देखें वीडियो
— Guess Karo (@KuchNahiUkhada) December 23, 2022
भारत बनाम बांग्लादेश मैच के दूसरे दिन का हाल:
मैच के दूसरे दिन भारत ने 19 रनों से आगे बल्लेबाजी करना शुरू किया और कुल 314 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश पर 87 रनों की बढ़त लेली। भारत की तरफ से पहली पारी में विकेटकीपर ऋषभ पंत ने 93 और श्रेयस अय्यर ने 87 रनों की शानदार पारी खेली। पहले टेस्ट मैच के शतकवीर चेतेश्वर पुजारा ने 24 रनों का योगदान दिया, तो वहीं विराट कोहली ने भी 24 रन बनाए।
बांग्लादेश की तरफ से पहली पारी में कप्तान शाकिब और तैजुल इस्लाम ने चार-चार विकेट लिए। इसके अलावा तस्किन अहमद और मेहदी हसन मिराज को एक-एक विकेट मिला। वहीं दिन की समाप्ति तक बांग्लादेश ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गवाएं 7 रन बना लिए थे।