AUS vs SA: पहले ही दिन मेजबान ने प्रोटियाज़ को बैकफुट पर लाकर खड़ा किया - क्रिकट्रैकर हिंदी

AUS vs SA: पहले ही दिन मेजबान ने प्रोटियाज़ को बैकफुट पर लाकर खड़ा किया

मेजबान ऑस्ट्रेलिया की ओर से शानदार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने 10.4 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट झटके।

Cameron Green (Pic Source-Twitter)
Cameron Green (Pic Source-Twitter)

ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टेस्ट का आज पहला दिन संपन्न हुआ। मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही दिन काफी शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को बैकफुट पर लाकर खड़ा कर दिया है। बता दें, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे इस बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

दक्षिण अफ्रीका अपनी पहली पारी में अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रही और 189 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से मार्को जानसेन ने सर्वाधिक 130 छह गेंदों में 10 चौकों की मदद से 59 रन बनाए जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज काइल वेरेयेने ने 99 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 52 रन की पारी खेली। कप्तान डीन एल्गर ने 26 रन का योगदान दिया।

मेजबान ऑस्ट्रेलिया की ओर से शानदार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने 10.4 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके अलावा मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट अपने नाम किए। स्कॉट बोलैंड और नाथन लियोन ने 1-1 विकेट हासिल किया।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन अपना पहला विकेट गंवाया

बता दें, पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 12 ओवर में 1 विकेट खोकर 45 रन बना लिए हैं। वो अभी भी अपनी पहली पारी में 144 रन पीछे हैं। टीम की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा 11 गेंदों में मात्र 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। यह विकेट दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अपने नाम किया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक डेविड वॉर्नर 51 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 32* रन पर खेल रहे हैं जबकि अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन 12 गेंदों में 5* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने पहला मैच 6 विकेट से अपने नाम किया था। टीम यही दुआ कर रही होगी कि इस मैच को जीतकर वह सीरीज अपने नाम करें वहीं दक्षिण अफ्रीका इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में बराबरी करने को देखेगी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया इस समय टॉप पर है।

https://twitter.com/s57007270/status/1607282522827661312?s=20&t=mIhswz1AoBe7FaqFbbZHAg

close whatsapp