बॉक्सिंग डे टेस्ट को लेकर स्टीव स्मिथ का यह खुलासा जीत लेगा सभी का दिल
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी 575/8 पर घोषित की।
अद्यतन - दिसम्बर 28, 2022 2:23 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट के दूसरे दिन के खेल के समापन के बाद खुलासा किया कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से फ्लू था और उनके स्वास्थ्य पर गर्मी का बुरा असर भी पड़ा।
आपको बता दें, स्टीव स्मिथ ने बीमार होने के बावजूद एमसीजी में 161 गेंदों में 85 रनों की बेहतरीन पारी खेली, और साथ ही डेविड वार्नर (200) के साथ तीसरे विकेट के लिए 239 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी भी की, और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहली पारी 575/8 पर घोषित करने में मदद की।
स्टीव स्मिथ ने फ्लू होने के बावजूद MCG में की बल्लेबाजी
स्टीव स्मिथ ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘सच कहूं तो मुझे बल्लेबाजी करते हुए मैदान में बहुत ज्यादा मजा नहीं आया, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से मुझे फ्लू है। हर बार जब हम दो या तीन रनों के लिए भागे, मुझे काफी दिक्कत महसूस हुई। मैं मैदान पर केवल गहरी सांसें लेने की कोशिश कर रहा था और उन लंबे रनों के बीच जितना हो सके उतना समय ले रहा था। गर्मी के लिहाज से यह कठिन दिन था, लेकिन हमारे लिए फायदेमंद भी रहा।’
इस बीच, ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम की उप-कप्तान ने खुलासा किया कि कैसे वह और डेविड वार्नर बॉक्सिंग डे टेस्ट के दूसरे दिन एक-दूसरे को मैदान पर प्रोत्साहित कर रहे थे, क्योंकि सलामी बल्लेबाज अपनी रिकॉर्ड-तोड़ पारी के दौरान ऐंठन से जूझ रहे थे, वहीं उन्हें खुद फ्लू था।
स्टीव स्मिथ ने अंत में कहा, ‘वार्नर को जितनी अधिक ऐंठन होती थी, वह उतने ही अधिक शॉट खेलना शुरू करता था। उन्होंने बेहद अद्भुत पारी खेली और इस दौरान उनके साथ दूसरे छोर से बल्लेबाजी करना बेहद शानदार एहसास था। हम दोनों ही उस दौरान बहुत अच्छी स्थिति में नहीं थे, इसलिए मैं अपना काम कर रहा था और वह अपना। हम दोनों बस कह रहे थे ‘बल्लेबाजी करते रहो’। वो मुझे कह रहा था: ‘मुझे ऐंठन हो रही है।’ और मैं उसे कह रहा था: ‘अच्छा। बस आगे बढ़ते रहो,’।