नई चयन समिति के लिए शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों के नाम जल्द आएंगे सामने; इस तारीख को होने हैं इंटरव्यू
चयन समिति के लिए आवेदन प्रक्रिया नवंबर 2022 में क्लोज हो चुकी है।
अद्यतन - दिसम्बर 31, 2022 11:54 पूर्वाह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सीनियर नेशनल सेलेक्शन कमेटी के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए इंटरव्यू की तारीख तय कर दी है। कथित तौर पर इंटरव्यू प्रोसेस अशोक मल्होत्रा की अगुआई वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) के नेतृत्व में वर्चुअल मोड में होने की संभावना है।
हालांकि, CAC पहले व्यक्तिगत रूप से इंटरव्यू कराना चाहता था। इस बीच, स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) 2 जनवरी को टीम इंडिया की नई चयन समिति का इंटरव्यू आयोजित करेगी।
अशोक मल्होत्रा की अगुवाई वाली CAC, जिसके दो अन्य सदस्य जतिन प्रांजपे और सुलक्षणा नाइक हैं, ने कथित तौर पर 30 दिसंबर को बीसीसीआई के अधिकारियों के साथ मुंबई में बैठक की, जहां उन्होंने इंटरव्यू प्रोसेस को कैसे आयोजित किया जा सकता है, इस बारे में चर्चा की।
चयन समिति के लिए शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों के नाम जल्द आएंगे सामने
आपको बता दें, बीसीसीआई ने नवंबर में सीनियर भारतीय चयन समिति के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे और बोर्ड शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा एक या दो दिन में करेगा। इस बीच, भारत के मुख्य चयनकर्ता के लिए शीर्ष दावेदारों में वेंकटेश प्रसाद, नयन मोंगिया, मनिंदर सिंह, सुब्रतो बनर्जी, शिव सुंदर दास शामिल हैं। पूर्व चयनकर्ताओं चेतन शर्मा और हरविंदर सिंह ने भी इस पद के लिए फिर से आवेदन किया है।
अगर चयन प्रक्रिया के बारे में बात करे, तो उम्मीदवारों को कम से कम पांच साल पहले रिटायर होना चाहिए और कम से कम 7 टेस्ट मैच या 40 प्रथम श्रेणी मैच या 10 वनडे और 20 प्रथम श्रेणी मैच खेलने का अनुभव होना चाहिए। इस समय नई समिति का गठन नहीं हुआ है, इसलिए चेतन शर्मा के नेतृत्व वाले पुराने पैनल को चयन मामलों और घरेलू मैचों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शर्मा और उनकी टीम को ऑस्ट्रेलिया में भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद नवंबर में बर्खास्त कर दिया गया था।