'आईपीएल 2023 के बाद...': रोहित शर्मा ने T20I क्रिकेट में अपने भविष्य और भारत की कप्तानी को लेकर किया बड़ा खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘आईपीएल 2023 के बाद…’: रोहित शर्मा ने T20I क्रिकेट में अपने भविष्य और भारत की कप्तानी को लेकर किया बड़ा खुलासा

टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के साथ आगामी वर्ल्ड कप 2023 के लिए अपनी तैयारियों की शुरुआत कर रही है।

Rohit Sharma (Image Source: BCCI)
Rohit Sharma (Image Source: BCCI)

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक महीने से अधिक समय तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद मैदान में वापसी करने के लिए तैयार हैं। अनुभवी सलामी बल्लेबाज को बांग्लादेश दौरे पर उंगली में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह टेस्ट सीरीज और फिर श्रीलंका के खिलाफ T20I सीरीज से चूक गए थे।

हालांकि, भारतीय कप्तान श्रीलंका के खिलाफ 10 जनवरी से गुवाहाटी में शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए लौट आए हैं। इस बीच, पिछले साल आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत के सेमीफाइनल से बाहर होने के बाद से T20I टीम में बड़े बदलावों को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही है।

इस बात पर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं कि हार्दिक पांड्या भारत के पूर्णकालिक T20I कप्तान के रूप में रोहित शर्मा की जगह लेंगे, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे से पहले भारतीय कप्तान ने साफ तौर पर कहा है कि उनकी T20I क्रिकेट छोड़ने की फिलहाल कोई योजना नहीं है।

कप्तानी का तो नहीं पता लेकिन T20I क्रिकेट खेलना जारी रखना तय है: रोहित शर्मा

हिटमैन ने आगे कहा कि वह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए T20I क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे, लेकिन आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 को देखते हुए खेल के ऑल-फॉर्मेट खिलाड़ियों के वर्कलोड को मैनेज करना बेहद जरूरी है, और वह भी इस नीति का हिस्सा है, क्योंकि बैक-टू-बैक मैच खेलना खिलाड़ियों के लिए संभव नहीं है।

रोहित शर्मा ने गुवाहाटी में प्री-मैच प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मीडिया को बताया: ‘सबसे पहली बात ऑल-फॉर्मेट खिलाड़ियों के लिए बैक-टू-बैक मैच खेलना संभव नहीं है। आपको अपने सभी प्रारूप के खिलाड़ियों को पर्याप्त ब्रेक देने की जरूरत है, और मैं भी उन्ही में से एक हूं। न्यूजीलैंड के खिलाफ हमें तीन T20I मैच खेलने हैं, देखते है आईपीएल 2023 के बाद क्या होता है। मैंने अभी T20I क्रिकेट छोड़ने का फैसला नहीं किया है, और ना ही इस बारे में कुछ सोचा है।

रही बात कप्तानी की, तो अभी इस बारे में कुछ भी कहना बहुत मुश्किल है। हम सभी का ध्यान 2023 वर्ल्ड कप और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पर है। ये तो समय ही बताएगा कि भविष्य में कप्तान कौन होगा। इसके लिए सभी को इंतजार करना होगा, लेकिन मेरा अभी T20I क्रिकेट को अलविदा कहने का कोई इरादा नहीं है।’

close whatsapp