मेरे पिता मुझसे हमेशा कहते हैं कि टेस्ट प्रारूप सबसे मुश्किल चुनौती है: इशान किशन - क्रिकट्रैकर हिंदी

मेरे पिता मुझसे हमेशा कहते हैं कि टेस्ट प्रारूप सबसे मुश्किल चुनौती है: इशान किशन

मुझे काफी अच्छा लग रहा है कि मैं टेस्ट टीम में चुना गया हूं: इशान किशन

Shubhman Gill and Ishan Kishan (Pic Source-Twitter)
Shubhman Gill and Ishan Kishan (Pic Source-Twitter)

9 फरवरी से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर सीरीज शुरू होने वाली है। तमाम लोग इस चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बता दें, आगामी टेस्ट सीरीज में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन को भारतीय दल में शामिल किया गया है। इसी को लेकर इशान किशन ने अपना पक्ष सबके सामने रखा है।

बता दें, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 13 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ आज यानी 18 जनवरी से शुरू हो चुकी लिमिटेड ओवर्स सीरीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाली चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट मुकाबलों की टीम की घोषणा की। इशान किशन को उनके हालिया फॉर्म को देखते हुए तीनों ही टीमों में जगह मिली।

शुभमन गिल के सवालों का इशान किशन ने दिया शानदार जवाब

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो साझा की है जिसमें शुभमन गिल एंकर की भूमिका निभा रहे हैं और वो इशान किशन से एक बेहतरीन इंटरव्यू ले रहे हैं। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ने इस चीज पर अपनी इच्छा व्यक्त की कि वो टेस्ट प्रारूप में चुने जाने को लेकर काफी खुश हैं और उनके पिता हमेशा कहते है कि यह प्रारूप सबसे महत्वपूर्ण है।

इंटरव्यू में किशन ने कहा कि, ‘मैं बहुत ही खुश हुआ था। जब भी मैं लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहा था तो मेरे पिता कहते थे कि टेस्ट क्रिकेट सबसे महत्वपूर्ण प्रारूप है। उनका मानना है कि टेस्ट सबसे बड़ी चुनौती है, इस प्रारूप में बल्लेबाज का असली खेल सामने आता है और टेस्ट क्रिकेट को खेलना बहुत ही बड़ी बात है। मुझे काफी अच्छा लग रहा है कि मैं टेस्ट टीम में चुना गया हूं। उम्मीद करता हूं कि मैं इसमें अच्छा प्रदर्शन करूंगा।’

अपने बल्लेबाजी क्रम को लेकर इशान किशन ने कहा कि, ‘अगर टेस्ट में मैं नंबर 6 पर बल्लेबाजी करता हूं तो मैं पहले परिस्थिति को समझूंगा और उसके बाद ही पड़ा शॉट खेलूंगा। अगर टीम अच्छी परिस्थिति में नहीं रहती और मैं कोई गलती कर देता हूं तो इससे टीम को ही परेशानी होगी। चौके और छक्कों से ज्यादा यह जरूरी है कि टीम एक शानदार स्थिति में आ जाए।’

अब देखना यह होगा कि किशन किस क्रम में बल्लेबाजी करते हुए दिखाई देते हैं।

close whatsapp