IND vs NZ: माइकल ब्रेसवेल के विकेट से मोहम्मद शमी को काफी कुछ सीखने को मिला होगा: संजय बांगर - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs NZ: माइकल ब्रेसवेल के विकेट से मोहम्मद शमी को काफी कुछ सीखने को मिला होगा: संजय बांगर

भारतीय टीम इस वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई हुई है।

Mohammad Shami and Sanjay Bangar (Pic Source-Twitter)
Mohammad Shami and Sanjay Bangar (Pic Source-Twitter)

21 जनवरी को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बना ली है। भारत की ओर से दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

मोहम्मद शमी ने अपने पहले ही ओवर में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलेन का विकेट अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने डेरिल मिचेल को अपना शिकार बनाया। इनफॉर्म बल्लेबाज माइकल ब्रेसवेल को भी भारतीय तेज गेंदबाज ने पवेलियन की राह दिखाई। बता दें, शमी ने शुरुआती 2 गेंदों में दो चौके पिटने के बाद अपनी साइड बदली और ओवर द विकेट से अगली गेंद फेंकी।

शमी को ऐसा करते हुए बहुत ही कम ही देखा जाता है लेकिन उनका यह फैसला काफी सही साबित हुआ और उनको माइकल ब्रेसवेल का विकेट भी मिला। भारत के पूर्व बल्लेबाज कोच संजय बांगर का कहना है कि माइकल ब्रेसवेल के विकेट से शमी को काफी कुछ सीखने को मिला होगा।

आपको कुछ अलग करना चाहिए और शमी ने वैसा ही किया: संजय बांगर

स्टार स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान संजय बांगर ने कहा कि, ‘आपको कुछ अलग हटकर करना चाहिए। मोहम्मद शमी को इससे काफी कुछ सीखने को मिला होगा। भविष्य में भी हमें शमी से यह सब देखने को मिल सकता है। जब एक दाएं हाथ का तेज गेंदबाज ओवर द विकेट से बाएं हाथ के बल्लेबाज को गेंद फेंकता है तो चीजें काफी अलग हो जाती हैं। बल्लेबाज को भी चीजों को समझने में काफी परेशानी होती है।

मोहम्मद शमी पहले राउंड द विकेट से गेंदबाजी करा रहे थे और इसके बाद उन्होंने ओवर द विकेट से आकर गेंदबाजी करनी शुरू कर दी। मोहम्मद शमी ने इस मैच में बहुत ही अच्छी गेंदबाजी की है।’

भारतीय टीम इस वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई हुई है। अब इन दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम मुकाबला 24 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।

close whatsapp