IND vs NZ: बाल-बाल बचे ईशान किशन, 4-12 मुकाबलों के लिए हो सकते थे टीम से बाहर
तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में भारत ने 2-0 की अजय बढ़त बना ली है।
अद्यतन - जनवरी 23, 2023 1:29 अपराह्न

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे मुकाबले में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने ऑनफील्ड अंपायरों को धोका देने की कोशिश की जिसके लिए उन पर 4 से 12 मुकाबलों का निलंबन लग सकता था।
बता दें, जब भारतीय टीम फील्डिंग कर रही थी तब ईशान किशन ने जानबूझकर अपने दस्ताने से बेल को गिरा दिया। उस समय न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम क्रीज़ पर मौजूद थे। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज लेग अंपायर को धोखा देने की कोशिश कर रहे थे और उनको यह जताना चाह रहे थे कि बेल लाथम के पैर से लगकर गिरी है। हालांकि जब तीसरे अंपायर ने इस पर नजर डाली तो पता चला कि यह किशन की गलती थी।
Ishan Kishan😂😂🥹 pic.twitter.com/IEX6fMwrq9
— Gowind Sir (PhD, Ex IAS) (@GowindSir) January 21, 2023
ईशान किशन के खिलाफ किसी ने भी शिकायत दर्ज नहीं की
ICC की आचार संहिता के तहत किशन पर ‘मैच में अनुचित लाभ हासिल करने की कोशिश के लेवल 3’ के अपराध का आरोप लगाया जा सकता था। हालांकि ऑनफील्ड अंपायरों ने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज के खिलाफ कोई भी शिकायत दर्ज नहीं की। मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने इस मामले को लेकर किशन से बात भी की और रिपोर्ट्स की मानें तो उन्होंने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ से भी बातचीत की।
बाद में, श्रीनाथ ने न्यूजीलैंड कोच ल्यूक रोंची और कीवी टीम मैनेजमेंट से भी इसको लेकर बातचीत की। हालांकि न्यूजीलैंड टीम ने भी आधिकारिक तौर पर किशन के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं की।
तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में भारत ने 2-0 की अजय बढ़त बना ली है। पहला मैच भारत ने 12 रन से अपने नाम किया था जबकि दूसरे वनडे को उन्होंने 8 विकेट से जीता था। तीसरा और अंतिम मुकाबला 24 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय टीम यही चाहेगी कि इस तीसरे वनडे को भी वो अपने नाम करें और सीरीज को क्लीनस्वीप करें। दूसरे वनडे में टीम के सभी खिलाड़ियों ने काफी शानदार प्रदर्शन किया था।