कप्तान बनते ही पुराने रंग में लौटे चेतेश्वर पुजारा, लॉर्ड्स के मैदान पर जड़ा शतक - क्रिकट्रैकर हिंदी

कप्तान बनते ही पुराने रंग में लौटे चेतेश्वर पुजारा, लॉर्ड्स के मैदान पर जड़ा शतक

मौजूदा काउंटी सीजन में चेतेश्वर पुजारा अब तक पांच शतक लगा चुके हैं।

Cheteshwar Pujara. (Photo by Mike Hewitt/Getty Images)
Cheteshwar Pujara. (Photo by Mike Hewitt/Getty Images)

अनुभवी भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने 19 जुलाई, मंगलवार को लॉर्ड्स में मिडिलसेक्स के खिलाफ ससेक्स के लिए काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन-2 गेम के पहले दिन नाबाद शतक बनाया। टॉम हेन्स की अनुपस्थिति में टीम के कप्तान के रूप में यह उनका पहला मैच भी था। बतौर कप्तान उन्होंने पहले ही मुकाबले में कमाल का प्रदर्शन किया।

मिडिलसेक्स के कप्तान टिम मुर्तघ ने पहले दिन लॉर्ड्स में ग्रीन-टॉप विकेट पर टॉस जीतने के बाद पहले ससेक्स की टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मैच में ससेक्स के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने कुछ खास योगदान दिए बिना ही अपना विकेट गंवा दिया और टीम का स्कोर 34.2 ओवर के बाद 99/2 पर था। और फिर यहां से चेतेश्वर पुजारा ने पारी को आगे बढ़ाया। पुजारा, जो आमतौर पर डिफेंसिव क्रिकेट और धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाने के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने इस मैच में कुछ आक्रामक और बेहतरीन शॉट्स लगाए।

पुजारा के अलावा टॉम अलसॉप ने भी लगाया शतक

मिडिलसेक्स की टीम के लिए, पहले सत्र का पहला घंटा काफी अच्छा रहा। पारी की शुरुआत में उनके तेज गेंदबाजों को लॉर्ड्स की पिच से काफी मदद भी मिली। सलामी बल्लेबाज अली को मिडिलसेक्स के कप्तान ने 25 गेंदों में 7 रन के स्कोर पर आउट किया। वहीं टॉम क्लार्क को 84 गेंदों में 33 रन पर टॉम हेल्म ने आउट किया।

ससेक्स के लिए तीसरे नंबर पर बाएं हाथ के बल्लेबाज टॉम अलसॉप बल्लेबाजी करने के लिए आए और 277 गेंदों पर 135 रनों की पारी खेली और 365 मिनट तक क्रीज पर डटे रहे। अलसॉप को 93वें ओवर में हेल्म ने आउट कर तीसरे विकेट के लिए 219 रन की साझेदारी का अंत किया।

दूसरी ओर, पुजारा ने तेज गेंदबाजों को निशाने पर लिया और दूसरे छोर से स्कोरिंग रेट को ऊपर उठाया। उन्होंने 182 गेंदों पर 115 रन बनाकर दिन का अंत किया और टीम के स्कोर को 300 के पार जाने में मदद की। अलसॉप के आउट होने के बाद, आर्ची लेनहम भी उसी ओवर में तीन गेंदों पर बिना खाता खोले आउट हो गए। पहले दिन के अंत तक ससेक्स ने 96 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 328 रन बना लिए हैं।

close whatsapp