‘उन्हें टेस्ट क्रिकेट में सुधार करना होगा’ ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले कोहली को लेकर बोले सौरव गांगुली
टेस्ट क्रिकेट में साल 2019 के बाद से बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं विराट कोहली।
अद्यतन - जनवरी 27, 2023 3:29 अपराह्न

करीब दो साल तक खराब फॉर्म से संघर्ष करने के बाद विराट कोहली एशिया कप 2022 के दौरान अपने पुराने लय में दिखे थे। 34 वर्षीय विराट पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप मेंशानदार फॉर्म में रहे थे। इसके बाद वो अपने पिछले नौ एकदिवसीय मैचों में तीन शतक बनाने में भी सफल रहे। हालांकि, अभी तक टेस्ट क्रिकेट में लय नहीं ढूंढ पाए हैं।
वह बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में ज्यादा कुछ नहीं कर सके। इसी वजह से टेस्ट क्रिकेट में उनका फॉर्म अभी भी टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। वो भी तब, जब ऑस्ट्रेलियाई टीम 9 फरवरी से शुरू होने वाली चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत का दौरा करने वाली है।
विराट कोहली को लेकर सौरव गांगुली ने दिया बड़ा बयान
इस बीच पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने विराट कोहली के सपोर्ट में बड़ा बयान दिया है। गांगुली को उम्मीद है कि वह आने वाले समय में टेस्ट फॉर्मेट में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। 50 वर्षीय गांगुली ने यह भी कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम टेस्ट फॉर्मेट में उन पर निर्भर है और इसलिए, उन्हें फिर से खुद के लिए और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है।
इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए सौरव गांगुली ने कहा कि, “हां, बिलकुल उन्होंने श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ बहुत अच्छी बल्लेबाजी की है। उन्हें टेस्ट क्रिकेट में भी सुधार करना होगा, क्योंकि टीम इंडिया पूरी तरह से उनपर निर्भर है। यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहद ही अहम सीरीज है मुझे उम्मीद है कि यह काफी रोमांचक होने वाला है। दोनों ही टीमें बहुत अच्छी है और यह थोड़ा बहुत संभव है कि दोनों टीमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेलें।”
उन्होंने आगे कहा कि, “भारतीय टीम बहुत मजबूत है। भारत एक बुरी टीम नहीं हो सकती। हमारे देश में बहुत सारे खिलाड़ी हैं जो क्रिकेट खेलते हैं। उनमें से आधे को भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिलता क्योंकि कॉम्पटीशन बहुत अधिक है। मैं चाहता हूं कि यह टीम वर्ल्ड कप तक खेले। मैं चाहता हूं कि चयनकर्ता और राहुल द्रविड़ इस टीम को 2023 वनडे वर्ल्ड कप तक साथ रखें।”