स्टिंग ऑपरेशन के बाद चेतन शर्मा के भविष्य पर फैसला लेंगे बीसीसीआई सचिव जय शाह, हो सकती है छुट्टी- रिपोर्ट्स
चेतन शर्मा के स्टिंग ऑपरेशन के सामने आने के बाद टीम इंडिया की व्यवस्था को लेकर काफी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
अद्यतन - Feb 15, 2023 12:27 pm

भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सिलेक्टर और चेयरमैन चेतन शर्मा का मंगलवार, 14 फरवरी से एक स्टिंग ऑपरेशन की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। जिसमें उन्होंने टीम इंडिया और टीम इंडिया के खिलाड़ियो को लेकर बड़े खुलासे किए हैं।
बता दें कि टी-20 विश्व कप 2022 में टीम इंडिया के सेमिफाइनल मुकाबले में हारने के बाद चेतन शर्मा की अगुवाई वाली चयन समिति को भंग कर दिया था, पर एक बार फिर वो टीम इंडिया के चेयरमैन पद के लिए दोबारा चुने गए थे।
तो वहीं जैसे ही चेतन शर्मा के स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो भारत के साथ-साथ क्रिकेट जगत में सनसनी मच गई। चेतन ने कहा कि टीम इंडिया के 80 से 85 प्रतिशत खिलाड़ी ही फिट हैं बाकी इंटरनेशनल लेवल पर क्रिकेट खेलने के लिए इंजेक्शन का इस्तेमाल करते हैं।
साथ ही इस जी न्यूज द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन में चेतन शर्मा ने विराट कोहली और राहुल द्रविड़ से जुड़ी अपनी पर्सनल बात भी शेयर की है। साथ ही कोहली और सौरव गांगुली विवाद पर भी बड़ा बयान दिया है। दूसरी तरफ बीसीसीआई के अनुबंध के कारण वह मीडिया का सामना नहीं कर सकते हैं तो उनके भविष्य पर फैसला जल्द ही बोर्ड के सचिव जय शाह ले सकते हैं।
चेतन शर्मा की होगी छुट्टी!
बता दें कि जी न्यूज के एक कोट के अनुसार बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, बोर्ड के सदस्य जय शाह फैसला लेंगे कि चेतन शर्मा का भविष्य क्या होगा। सवाल ये बना हुआ है कि क्या अब टी-20 कप्तान हार्दिक पांड्या और वनडे व टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा चेतन शर्मा के साथ बैठना चाहेंगे, ये जानते हुए कि उन्होंने टीम की भीतर की बातों को सबके सामने उजागर कर दिया है।