IND vs AUS: नाथन लियोन तो रविचंद्रन अश्विन को अपना गुरु मान बैठे हैं
नाथन लियोन ने कहा कि, 'मैंने अपने घर में लैपटॉप के सामने बैठकर काफी समय तक अश्विन की गेंदबाजी देखी जिसकी वजह से मेरी बीवी भी पागल हो गई।'
अद्यतन - फरवरी 15, 2023 4:57 अपराह्न

भारतीय टीम के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में अश्विन ने दूसरी पारी में 5 विकेट झटके जिसकी वजह से भारत ने ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 132 रन से मात दी।
अब अगर ऑस्ट्रेलिया को इस टेस्ट सीरीज में वापसी करनी है तो टीम के अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन को बेहतरीन गेंदबाजी करनी होगी। बता दें, लियोन के पास काफी अनुभव है और भारत के खिलाफ उनका प्रदर्शन भी काफी शानदार रहा है। हालांकि इस समय वो खुद के ऊपर काफी दबाव महसूस कर रहे होंगे क्योंकि उन्हें अश्विन के खिलाफ भिड़ना है। हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने इस बात का खुलासा किया कि वो रविचंद्रन अश्विन की गेंदबाजी की फुटेज देख रहे हैं और उनसे काफी कुछ सीख रहे हैं।
नाथन लियोन ने स्टार स्पोर्ट्स में बात करते हुए कहा कि, ‘मैं रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ हार नहीं मानने वाला हूं। मुझे लगता है कि अश्विन ने अभी तक जिस तरीके का काम किया है वो काफी सराहनीय है और रिकॉर्ड भी कुछ वैसा ही बताता हैं। सच बताऊं तो मैं अश्विन से बिल्कुल ही अलग गेंदबाज हूं। क्या मैंने यहां आने से पहले आराम से बैठकर अश्विन की कई फुटेज देखी थी? हां क्यों नहीं 100%’
रविचंद्रन अश्विन ने मुझे काफी कुछ सिखा दिया है: नाथन लियोन
ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने आगे कहा कि, ‘मैंने अपने घर में लैपटॉप के सामने बैठकर काफी समय उनकी गेंदबाजी देखी जिसकी वजह से मेरी बीवी भी पागल हो गई। इससे मैंने काफी कुछ सीखा है। इस खेल की सबसे अच्छी बात यह है कि हम इससे लगातार कुछ ना कुछ जरूर सीखते रहते हैं। काफी बढ़ते भी रहते हैं और विरोधी टीमों से भी हमें काफी कुछ पता चलता रहता है।’
दूसरे टेस्ट मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने आगे कहा कि, ‘काफी बातचीत हो रही है। मैंने उनसे काफी कुछ सीखा है। सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया में भी मैंने अश्विन से बात की और उन्हें मुझे काफी चीजों के बारे में बताया। कुछ ऐसी चीजें हैं जो अश्विन कर सकते हैं और मुझे वो चीजें सीखनी है। अश्विन काफी अच्छे गेंदबाज हैं और उनके पास काफी अनुभव भी है।’