PSL 2023: चोटिल एहसान अली की जगह क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने मोहम्मद हफीज को अपनी टीम में किया शामिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

PSL 2023: चोटिल एहसान अली की जगह क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने मोहम्मद हफीज को अपनी टीम में किया शामिल

मोहम्मद हफीज को पाकिस्तान सुपर लीग के इस सत्र के लिए क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने एहसान अली के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना है।

Mohammad Hafeez
Mohammad Hafeez. (Photo by ARIF ALI/AFP via Getty Images)

पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज को पाकिस्तान सुपर लीग के 2023 सत्र के लिए चुना गया है। बता दें, वो इस लीग में 42 साल की उम्र में जबरदस्त वापसी करना चाहेंगे। मोहम्मद हफीज को पाकिस्तान सुपर लीग के इस सत्र के लिए क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने एहसान अली के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना है। घुटने में लगी चोट की वजह से एहसान अली इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

हफीज ने आखिरी बार लाहौर कलंदर्स के लिए 2022 सत्र में खेला था। PSL के पहले सत्र में हफीज ने पेशावर जाल्मी की ओर से प्रतिभाग किया था। 3 साल टीम के साथ रहने के बाद 2018 में उन्होंने पेशावर फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ दिया और फिर लाहौर कलंदर्स की ओर से खेलने लगे। उन्होंने इस टीम की कप्तानी भी की। PSL के आखिरी सत्र के फाइनल में हफीज ने लोहार फ्रेंचाइजी की ओर से पहले 46 गेंदों में 69 रन की बहुमूल्य पारी खेली और उसके बाद उसी मैच में 23 रन देकर दो विकेट झटके जिसकी बदौलत टीम ने मुल्तान सुल्तान को गद्दाफी स्टेडियम में मात दी।

बांग्लादेश प्रीमियर लीग के 2015 सत्र में हफीज को ढाका डायनामाइट्स ने अपनी टीम में शामिल किया। 2018 सत्र में उन्होंने इसी टूर्नामेंट में राजशाही किंग्स की ओर से खेला। पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी के पास इंडियन प्रीमियर लीग में भी खेलने का अनुभव है। उन्होंने इस शानदार टूर्नामेंट के पहले सत्र में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेला हुआ है। हालांकि 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमले के बाद दूसरे सीजन में किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को खेलने नहीं दिया गया।

मोहम्मद हफीज के क्वेटा ग्लैडिएटर्स से जुड़ने के बाद टीम और भी हुई मजबूत

बता दें, क्वेट्टा ग्लेडिएटर्स की कप्तानी सरफराज अहमद कर रहे हैं। मोहम्मद हफीज के टीम से जुड़ने के बाद अब क्वेटा और भी ज्यादा मजबूत हो गई है। पाकिस्तानी क्रिकेटर ने टेस्ट क्रिकेट से दिसंबर 2018 में संन्यास लिया था। 2019 वर्ल्ड कप के बाद राष्ट्रीय टीम ने उन्हें वनडे में एक भी मौका नहीं दिया। टी-20 क्रिकेट में उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है।

टी-20 वर्ल्ड कप 2020 के बाद उन्होंने यह फैसला लिया कि अब वो राष्ट्रीय टीम की ओर से खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। पिछले साल जनवरी महीने में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। क्वेटा ग्लैडिएटर्स को 2023 सत्र का अपना पहला मुकाबला 15 फरवरी को मुल्तान सुल्तान के खिलाफ खेलना है।

close whatsapp