अगले संस्करण में धमाकेदार वापसी करेगी CSK: स्टीफन फ्लेमिंग
इस सीजन गत-विजेता CSK अंकतालिका में 9वें स्थान पर है। उन्होंने 14 मुकाबलों में सिर्फ 4 में जीत दर्ज की है।
अद्यतन - मई 21, 2022 6:10 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग का मानना है कि टीम अगले साल और कड़ी मेहनत करके तगड़ी वापसी करेगी। बता दें, इस सीजन CSK अंकतालिका में 9वें स्थान पर है। उन्होंने 14 मुकाबलों में सिर्फ 4 में जीत दर्ज की है। उन्होंने अपना आखिरी लीग मुकाबला 20 मई को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ खेला और उसमें भी उनको हार का सामना करना पड़ा। चेन्नई की ओर से मोईन अली ने 57 गेंदों में 93 रन बनाए, लेकिन टीम के अन्य बल्लेबाजों के ना चलने की वजह से 20 ओवर में टीम मात्र 150 रन ही बना पाई।
जवाब में राजस्थान टीम के यशस्वी जयसवाल (59) के अर्धशतक और रविचंद्रन अश्विन के नाबाद 40 रन की बदौलत टीम ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया। यह पूरा सीजन ही चेन्नई सुपर किंग्स के लिए काफी खराब रहा है।
मेगा ऑक्शन में CSK टीम ने दीपक चाहर के ऊपर खूब बोली लगाई और अपनी टीम में शामिल किया लेकिन चोटिल होने की वजह से चहर इस संस्करण का एक भी मुकाबला नहीं खेल सके और टूर्नामेंट से बाहर हो गए। मुकेश चौधरी ने अपने प्रदर्शन से सभी लोगों को काफी प्रभावित किया है लेकिन रवींद्र जडेजा के आउट ऑफ फॉर्म होने की वजह से और ऋतुराज गायकवाड़ के लगातार रन ना बनाने की वजह से टीम को हार झेलनी पड़ी है।
नए खिलाड़ियों के बारे में समझने के लिए थोड़ा समय चाहिए: स्टीफन फ्लेमिंग
चेन्नई टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने परेशानियां बताई कि जब टीम में कई नए खिलाड़ी शामिल हो जाते हैं। तो उनकी काबिलियत के बारे में जानने के लिए आपको थोड़ा समय जरूर लगता है। फ्लेमिंग का यह भी मानना है कि नए खिलाड़ियों को भी टीम के साथ जुड़ने में थोड़ा समय लगता है। स्टीफन फ्लेमिंग का मानना है कि अगले संस्करण में वो धमाकेदार वापसी करेंगे।
स्टीफन फ्लेमिंग ने चेन्नई सुपर किंग्स के आखिरी मुकाबले के बाद प्रेस से बातचीत की। उन्होंने कहा कि, इस संस्करण टीम में कई नए चेहरे शामिल हुए थे। जब आप नए खिलाड़ियों के साथ एक नई शुरुआत करते हैं तब आपके लिए भी टेस्ट होता है और खिलाड़ियों के लिए भी। इस सीजन हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है लेकिन अगले संस्करण हम धमाकेदार वापसी करेंगे। जो गलतियां हमसे इस संस्करण में हुई है वो सब हम अगले संस्करण में नहीं करना चाहेंगे।
हमारे कुछ खिलाड़ी चोटिल थे और कुछ आउट ऑफ फॉर्म। एक यह भी वजह थी कि हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। हमारे पास अच्छा करने का मौका भी था लेकिन जैसा सोचा था वैसा हमने नहीं खेला। सच्चाई यही है कि, इस सीजन हमने उतना अच्छा नहीं खेला कि हम प्लेआफ में जगह बना सकें। लेकिन मुझे पूरी उम्मीद है कि अगले सीजन हम जबरदस्त वापसी करेंगे।