राजस्थान रॉयल्स को लगा तगड़ा झटका, चोटिल प्रसिद्ध कृष्णा इंडियन प्रीमियर लीग 2023 से हुए बाहर
चोटिल होने की वजह से प्रसिद्ध कृष्णा काफी समय से क्रिकेट से दूर रहे हैं।
अद्यतन - Feb 17, 2023 4:43 pm

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स को इस शानदार टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है। शानदार तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा IPL 2023 से बहार हो गए हैं।
बता दें, चोटिल होने की वजह से प्रसिद्ध कृष्णा काफी समय से क्रिकेट से दूर रहे हैं। तमाम फैंस को उम्मीद थी कि यह बेहतरीन गेंदबाज इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते हुए नजर आएंगे लेकिन अब खुद राजस्थान रॉयल्स ने कृष्णा की चोट को लेकर बड़ा बयान दिया है।
राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक पेज में लिखा कि, ‘प्रसिद्ध कृष्णा को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए हम भरपूर कोशिश कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि वो जल्द ही गेंदबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं।
हमारा कोचिंग स्टाफ कैंप्स और ट्रायल का आयोजन कर रहे हैं ताकि हम प्रसिद्ध कृष्णा के विकल्प को लेकर जल्द से जल्द फैसला ले सकें। मेडिकल स्टाफ और खुद तेज गेंदबाज से बात करने के बाद यह फैसला लिया गया है कि प्रसिद्ध कृष्णा इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में भाग नहीं लेंगे। जल्द से जल्द आप वापसी करें।’
वनडे वर्ल्ड कप में भी प्रसिद्ध कृष्णा का खेलना मुश्किल
कृष्णा ने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला अगस्त 2022 में खेला था। उन्होंने जिंबाब्वे का दौरा किया था और उसके बाद से ही वो बैंगलोर के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में रिहैबिलिटेशन में हैं। हालांकि उनकी अनुपलब्धता में मोहम्मद सिराज ने अभी तक कमाल का प्रदर्शन किया है और इस समय वो वनडे प्रारूप की रैंकिंग में नंबर 1 पर हैं।
हाल ही में BCCI अधिकारी ने कहा था कि, ‘प्रसिद्ध इस समय स्ट्रेस फ्रैक्चर का सामना कर रहे हैं और ऐसी चोट में यह नहीं बताया जा सकता है कि खिलाड़ी कब तक वापसी करेंगे। हर खिलाड़ी का अपना शरीर होता है और उसे ठीक होने में भी अलग-अलग समय लगता है। 6 महीने से 1 साल के बीच कितना भी समय लग सकता है। प्रसिद्ध अभी पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं और उन्हें पूरा घरेलू सत्र छोड़ना पड़ेगा।’
रिपोर्ट की मानें तो अगर कृष्णा को वर्ल्ड कप की टीम में शामिल होना है तो उन्हें जल्द से जल्द वापसी करनी होगी। हालांकि अब जब वो आईपीएल से बहार हो गए हैं तो उनका वर्ल्ड कप में खेलना भी मुश्किल हो गया है।