ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023: इनफॉर्म इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 11 रन से दी जबरदस्त मात - क्रिकट्रैकर हिंदी

ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023: इनफॉर्म इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 11 रन से दी जबरदस्त मात

18 फरवरी को खेले गए ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 के शानदार मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 11 रन से मात दी।

England Women Team beat India Women Team (Pic Source-Twitter)
England Women Team beat India Women Team (Pic Source-Twitter)

18 फरवरी को खेले गए ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 के शानदार मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 11 रन से मात दी। इस बेहतरीन मुकाबले में इंग्लैंड की ओर से नताली सीवर ब्रंट ने 42 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 50 रन की शानदार मैच जिताऊ पारी खेली।

बता दें, इस महत्वपूर्ण मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और उन्होंने अपने शुरुआती 3 विकेट मात्र 29 रन पर ही गंवा दिए। डैनियल वेट बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गई। सोफिया डंकले ने मात्र 10 रन बनाए और रेणुका सिंह का शिकार बनी। एलिस कैप्सी भी 3 रन बनाकर आउट हो गई। हालांकि नताली ने एक छोर संभाला और शानदार अर्धशतक जड़ा। उनका साथ विकेटकीपर बल्लेबाज एमी जोंस ने बखूबी निभाया और 27 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाए।

भारत की ओर से तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 5 विकेट झटके। यह उनका इस प्रारूप में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी स्पेल रहा है। रेणुका के अलावा शिखा पांडे और दीप्ति शर्मा ने एक-एक विकेट झटका। इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 151 रन बनाए।

काम ना आया स्मृति मंधाना का अर्धशतक

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर मात्र 140 रन ही बना पाई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा 11 गेंदों में एक चौके की मदद से मात्र 8 रन बनाकर आउट हो गई। जेमिमा रोड्रिग्ज भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही और मात्र 13 रन बनाकर आउट हो गई। कप्तान हरमनप्रीत कौर का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा। उन्होंने इस मैच में मात्र 4 रन बनाए।

बेहद खराब शुरुआत होने के बावजूद अनुभवी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक छोर को संभाला और 41 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 52 रन की महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली। भारत की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने भी 34 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 47 रन की नाबाद पारी खेली लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रही।

इंग्लैंड की ओर से सारा ग्लेन ने 4 ओवर में 27 रन देकर दो विकेट झटके जबकि लॉरेन बेल और सोफी एक्लेस्टोन ने 1-1 विकेट झटका। नताली सीवर ब्रंट को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया गया।

https://twitter.com/SMARTTHALAFAN/status/1626980127317065728?s=20

close whatsapp