'केवल बेन स्टोक्स से उसकी तुलना....'- रवींद्र जडेजा के शानदार प्रदर्शन के बावजूद हरभजन ने दिया हैरान करने वाला बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘केवल बेन स्टोक्स से उसकी तुलना….’- रवींद्र जडेजा के शानदार प्रदर्शन के बावजूद हरभजन ने दिया हैरान करने वाला बयान

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में 10 विकेट अपने नाम कर रवींद्र जडेजा ने मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता है।

Ravindra Jadeja Harbhajan Singh (Photo Source: Twitter)
Ravindra Jadeja Harbhajan Singh (Photo Source: Twitter)

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की दूसरी इनिंग में रवींद्र जडेजा ने 7 विकेट अपने नाम कर उनकी टीम को 113 रनों पर ऑल आउट करने में अहम भूमिका निभाई थी। जडेजा ने दूसरे टेस्ट मैच में कुल 10 विकेट अपने नाम कर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता। आपको बता दें कि नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भी जडेजा ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था।

वहां भी जडेजा को अपने शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला था। इसी बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह ने जमकर स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की तारीफ की है। भज्जी का मानना है कि बतौर ऑलराउंडर जडेजा की तुलना सिर्फ बेन स्टोक्स से ही की जा सकती है।

जडेजा ने बल्लेबाजी में काफी सुधार किया है- हरभजन सिंह

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में अब तक रवींद्र जडेजा ने दमदार प्रदर्शन कर टीम की जीत में सबसे बड़ा योगदान दिया। लंबे ब्रेक के बाद वापसी कर रहे जडेजा ने अब तक कमाल का प्रदर्शन किया है। फैंस समेत दिग्गज क्रिकेटर जडेजा की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं। हरभजन सिंह ने जडेजा के शानदार प्रदर्शन पर बात करते हुए स्पोर्ट्स तक पर कहा कि, ‘रवींद्र जडेजा की क्षमता पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है।’

‘वह गेंद से हमेशा ही शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं। लेकिन बल्लेबाजी में उसने बहुत सुधार किया है। अगर आप उसे नंबर-4 या 5 पर भेज दोगे तब भी वह आपके लिए रन बनाएगा। मुझे लगता है विश्व क्रिकेट में वह इस वक्त का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर है। सिर्फ बेन स्टोक्स से ही उसकी तुलना की जा सकती है।’

जडेजा ने स्टंप-टू-स्टंप गेंदबाजी की- हरभजन सिंह

हरभजन सिंह ने आगे बात करते हुए कहा कि, जडेजा की गेंदबाजी को समझने में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने गलती कर दी जिसका फायदा उन्होंने उठाया है। उन्होंने कहा कि, ‘जडेजा ने दिल्ली में लगातार स्टंप टू स्टंप गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की और वो अपना विकेट गंवाते चले गए।’ भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 1 मार्च से इंदौर में खेला जाएगा।

close whatsapp