OTD: आज के ही दिन वनडे में 3 दोहरे शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे रोहित शर्मा, खेली थी विस्फोटक पारी  - क्रिकट्रैकर हिंदी

OTD: आज के ही दिन वनडे में 3 दोहरे शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे रोहित शर्मा, खेली थी विस्फोटक पारी 

यह दूसरा मौका था जब रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया। 

Rohit Sharma (Image Credit- Twitter X)
Rohit Sharma (Image Credit- Twitter X)

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और क्रिकेट की दुनिया में हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने आज के ही दिन साल 2017 में क्रिकेट इतिहास के बेहतरीन रिकाॅर्ड को अपने नाम किया था।

बता दें कि उस साल श्रीलंका के खिलाफ हुए एक मुकाबले में रोहित ने दोहरा शतक लगाया था। यह रोहित का वनडे करियर का तीसरा दोहरा शतक था। इसके साथ ही रोहित वनडे क्रिकेट इतिहास में 3 दोहरे शतक लगाने वाले एकमात्र खिलाड़ी बन गए थे।

रोहित की इस पारी के बारे में बताएं तो उस साल भारत दौरे पर आई श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज खेली गई थी। पहले मैच में महज 122 रनों पर आउट होने के बाद मेजबान भारत को श्रीलंका के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

विराट कोहली की गैर-मौजूदगी में रोहित शर्मा स्टैंड इन कप्तान की भूमिका में थे। वहीं मोहाली में खेले गए दूसरे वनडे मैच में रोहित एकदम रंग में नजर आए और श्रीलंकाई गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए।

मैच के बारे में बात की जाए तो मोहाली की सपाट पिच पर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। शुरुआती परिस्थितियां गेंदबाजों के लिए अनुकूल लग रही थीं, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ा, पिच बल्लेबाजी के लिए आसान हो गई और इसका रोहित और टीम इंडिया ने बड़ा फायदा उठाया।

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में रोहित ने धीरे शुरुआत की और शिखर धवन (68) के साथ पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़कर टीम इंडिया को एक मजबूत शुरुआत दी। रोहित ने अपना शतक 115 गेंदों में पूरा किया, लेकिन इसके बाद रोहित का रौद्र रूप देखने को मिला।

दाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने अगली 36 गेंदों में अपना अगला शतक पूरा किया। मुकाबले में रोहित ने 208 रनों की नाबाद पारी खेली थी। इस पारी के दौरान रोहित ने 13 चौके और 12 छक्के लगाए थे। तो वहीं भारतीय पारी के 44वें ओवर में श्रीलंकाई गेंदबाज सुरंगा लकमल के खिलाफ लगातार 4 छक्के भी लगाए थे।

close whatsapp