IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया टीम से पहले ओवर में हुई थी बड़ी गलती, रोहित दो बार हुए थे आउट लेकिन स्टीव स्मिथ ने नहीं लिया DRS - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया टीम से पहले ओवर में हुई थी बड़ी गलती, रोहित दो बार हुए थे आउट लेकिन स्टीव स्मिथ ने नहीं लिया DRS

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में तीसरा टेस्ट मुकाबला शुरू हो चुका है।

Rohit Sharma (Pic Source-Twitter)
Rohit Sharma (Pic Source-Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में तीसरा टेस्ट मुकाबला शुरू हो चुका है। इस तीसरे टेस्ट मैच में मेजबान भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। अभी तक का प्रदर्शन भारत का इस मैच में काफी खराब रहा है। ऑस्ट्रेलिया टीम ने भारत के ऊपर पहले ओवर से ही दबाव बनाए रखा जिसकी वजह से टीम ने अभी तक अपने 7 विकेट गंवा दिए हैं।

बता दें, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा पहले ओवर में काफी किस्मत वाले रहे। वो मिचेल स्टार्क के 1 ओवर में 2 बार आउट हुए लेकिन कंगारू टीम ने DRS की मांग नहीं की।

दरअसल, पहले ओवर की पहली गेंद रोहित शर्मा के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर एलेक्स कैरी के पास पहुंची। उन्होंने इसे लपकने में कोई गलती नहीं की, लेकिन यहां स्टार्क के अलावा और किसी ने इसकी अपील नहीं की। स्टार्क ने स्टीव स्मिथ से बात की, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने DRS की मांग नहीं की। यही नहीं, इसी ओवर की चौथी गेंद रोहित शर्मा के पैड पर जाकर लगी। यहां भी ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने जोरदार अपील की, लेकिन बाकी किसी खिलाड़ी ने इसमें रुचि नहीं दिखाई।

स्टीव स्मिथ ने पॉइंट के फील्डर, विकेटकीपर और मिचेल स्टार्क से बात करने के बाद भी DRS नहीं लिया। रोचक बात यह रही कि दोनों ही मौकों पर रोहित शर्मा आउट थे। पहली बार बल्ले का किनारा था तो दूसरी बार गेंद स्टंप्स पर लग रही थी। रिप्ले देखने के बाद दोनों ही मौके पर कंगारू टीम को अपनी गलती का अहसास हुआ। स्टार्क भी काफी निराश थे। हालांकि रोहित इन दो जीवनदान का भरपूर फायदा नहीं उठा पाए और 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

भारत ने लंच तक अपनी पहली पारी में गंवाए 7 विकेट

बता दें, रोहित के अलावा शुभमन गिल ने पहली पारी में मात्र 21 रन बनाए। चेतेश्वर पुजारा भी बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रवींद्र जडेजा ने 4 रन बनाए जबकि श्रेयस अय्यर बिना खाता खोले ही आउट हो गए। विराट कोहली ने 22 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

केएस भरत ने 17 रन का योगदान दिया। लंच ब्रेक तक अक्षर पटेल 6* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं जबकि उनका साथ रविचंद्रन अश्विन दे रहे हैं जिन्होंने अभी तक 1* रन बना लिया है। भारत में लंच ब्रेक तक 7 विकेट खोकर 84 रन बनाए हैं। दोनों टीमों के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है।

close whatsapp