WPL के पहले सत्र के लिए काफी उत्साहित हैं गुजरात जायंट्स की दयालन हेमलता - क्रिकट्रैकर हिंदी

WPL के पहले सत्र के लिए काफी उत्साहित हैं गुजरात जायंट्स की दयालन हेमलता

महिला प्रीमियर लीग (WPL) के पहले सत्र की शुरुआत 4 मार्च से होने वाली है।

Dayalan Hemalatha (Pic Source-Twitter)
Dayalan Hemalatha (Pic Source-Twitter)

महिला प्रीमियर लीग (WPL) के पहले सत्र की शुरुआत 4 मार्च से होने वाली है। इस शानदार टूर्नामेंट का ऑक्शन 13 फरवरी को मुंबई के जिओवर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में हुआ था जिसमें गुजरात जायंट्स फ्रेंचाइजी ने बल्लेबाज ऑलराउंडर दयालन हेमलता को 30 लाख रुपए में खरीदा। इसी शानदार टूर्नामेंट को लेकर दयालन हेमलता ने अपना पक्ष रखा।

दयालन हेमलता ने कहा कि, ‘इस टूर्नामेंट में कई युवा टैलेंटेड खिलाड़ी खेल रही है जिसको देखकर मुझे काफी अच्छा लग रहा है। महिला प्रीमियर लीग की वजह से कई लोग हमारे प्रदर्शन को देखेंगे क्योंकि यह हमें एक नया प्लेटफॉर्म देगा। इसको लेकर काफी लोग उत्साहित हैं। काफी लंबे समय से इसका इंतजार हो रहा था और अब यह इंतजार खत्म हुआ।

जब मैं 18 साल की थी तब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया है और मैं उस समय सिर्फ फील्डिंग करती थी गेंदबाजी नहीं। मुझे नहीं पता था कि महिला क्रिकेट में कैसा मौका मिलता है लेकिन अब समय बदल गया है। महिलाओं को भी पुरुषों जैसा दर्जा दिया जा रहा है। महिला क्रिकेट काफी तेजी से बढ़ रहा है और आगे भी ऐसा ही बढ़ता रहेगा।’

दयालन हेमलता मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज है और टी-20 में वो महत्वपूर्ण ओवर्स भी फेंक सकती हैं। मुंबई की पिच की परिस्थितियों को लेकर हेमलता ने आगे कहा कि, ‘मैंने मुंबई में काफी मुकाबले खेले हैं और यह मेरे लिए काफी हद तक अच्छी बात है। कई खिलाड़ी इस बात से खुश होंगी कि मैच मुंबई में खेले जाएंगे क्योंकि यहां की पिच में बल्लेबाजों को काफी मदद मिलती है।’

काफी खुशी महसूस हो रही है कि मैं गुजरात जायंट्स की ओर से खेलूंगी: दयालन हेमलता

भारतीय ऑलराउंडर ने आगे कहा कि, ‘मुझे काफी खुशी महसूस हो रही है कि मैं गुजरात जायंट्स की ओर से खेलती हुई नजर आऊंगी। मैं मैनेजमेंट को धन्यवाद कहना चाहूंगी कि उन्होंने मुझे ऊपर भरोसा जताया और मुझे अपनी टीम में शामिल किया। मैं अपने पहले खेल के लिए भी काफी उत्साहित हूं।’

बता दें, गुजरात जायंट्स ने अपनी टीम में बेथ मूनी, डिएंड्रा डॉटिन और एश्ले गार्डनर को भी शामिल किया है। भारतीय ऑलराउंडर ने इन खिलाड़ियों को लेकर आगे कहा कि, ‘ मैंने इनके खिलाफ खेला हुआ है और सभी अपने समय की काफी अच्छी ऑलराउंडर हैं।

टीम काफी अच्छी है क्योंकि उनके पास युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है। मैं सीनियर खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखना चाहूंगी। हमारा सपोर्ट और कोचिंग स्टाफ भी काफी अच्छा है और उनके पास भी काफी अनुभव है।’

close whatsapp