मार्क ट्रेलर ने इंदौर पिच को लेकर उठाए सवाल, कहा- भारत में चालबाजी के साथ तैयार की गई पिचें
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मार्क टेलर ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में अब तक इस्तेमाल की गई तीनों पिचों की जमकर आलोचना की।
अद्यतन - मार्च 4, 2023 3:29 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के बाद से भारतीय पिचों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मार्क टेलर ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में अब तक इस्तेमाल की गई तीनों पिचों की जमकर आलोचना की और कहा कि इस तरह की पिच तैयार करने में जरूर ‘चालबाजी’ की गई है।
बता दें इंदौर की पिच से पहले नागपुर और नयी दिल्ली की पिचों को भी आईसीसी (ICC) ने ‘औसत’ रेटिंग दी थी। वहीं मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड द्वारा इंदौर की पिच को ‘खराब’ करार दिया गया।
चालबाजी के साथ तैयार की गई भारतीय पिचें- मार्क ट्रेलर
इंदौर की पिच को मिले खराब रेटिंग के सवाल पर जवाब देते हुए टेलर ने कहा कि, ‘‘मैं इससे सहमत हूं। मुझे निश्चित रूप से यह लगता है कि श्रृंखला के लिए पिचें पूरी तरह से खराब रही। अगर ईमानदारी से कहूं तो इंदौर की पिच तीनों पिचों में से सबसे खराब थी। मुझे नहीं लगता है कि पिच पर पहले दिन से ही स्पिनरों को इतनी मदद मिलनी चाहिये।”
उन्होंने आगे कहा कि, ‘‘अगर मैच के चौथे या पांचवें दिन ऐसा होता है तो चीजें समझ में आती है लेकिन अगर पहले दिन से ही गेंद इतनी टर्न ले तो यह खराब पिच के वजह से ही है। मुझे लगा कि इंदौर की पिच बहुत ही खराब है और उसी हिसाब से रैंकिंग भी दी जानी चाहिए थी।”
गाबा की पिच भारतीय पिचों से बेहतर है- मार्क ट्रेलर
दरअसल भारत के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर इंदौर की पिच को मिले खराब रेटिंग से नाखुश थे और उन्होंने गाबा की पिच का उदारहण दिया था। दरअसल बीते साल दिसंबर में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया पहला टेस्ट दो दिनों के अंदर ही समाप्त हो गया था और ICC से इस पिच को औसत से खराब रेटिंग मिला था।
वहीं सुनील गावस्कर की इस बात से असहमति जताते हुए ट्रेलर ने कहा कि, ‘‘गाबा की पिच पर साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाजों को मदद मिली क्योंकि उनके पास चार बहुत अच्छे तेज गेंदबाज थे। लेकिन भारतीय पिचों के मामले में ऐसा बिलकुल भी नहीं है क्योंकि यहां चालबाजी के साथ ऐसी पिचें तैयार की गई है।”