IND vs AUS: अहमदाबाद पिच की लगातार निगरानी कर रहा गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टेस्ट मुकाबला अहमदाबाद में 9 मार्च से शुरू होगा।
अद्यतन - मार्च 5, 2023 3:23 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट मुकाबले में इंदौर पिच की तमाम लोग जमकर आलोचना कर रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि यह टेस्ट मात्र ढाई दिन में ही समाप्त हो गया था। यही नहीं ICC ने होल्कर क्रिकेट स्टेडियम की पिच को 3 डिमेरिट अंक भी दिए।
दरअसल तमाम लोगों का यही कहना था कि इस पिच में सिर्फ स्पिनर्स को ही मदद मिल रही थी और बल्लेबाज और तेज गेंदबाज यहां पर परेशानियों का सामना कर रहे थे। अब दोनों टीमों के बीच चौथा टेस्ट 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा और इसी से पहले भारतीय टीम के निर्देश से गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने अहमदाबाद पिच का दौरा किया।
होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए इस मैच को 9 विकेट से अपने नाम किया। बता दें, इस पिच में स्पिनर्स को 4.8 डिग्री की टर्न मिल रही थी जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स ने भारतीय बल्लेबाजों के ऊपर दबाव डाला और इस मैच को अपने नाम किया।
तीसरा टेस्ट ढाई दिन के भीतर ही समाप्त हो गया जिसके बाद कई लोगों ने पिच की जमकर आलोचना की। ICC मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने कहा कि, ‘यह पिच बहुत ही सूखी हुई थी जिसकी वजह से गेंद और बल्ले के बीच में अच्छी तरह से संपर्क नहीं हो पा रहा था और शुरुआत से ही स्पिनर्स को काफी मदद मिल रही थी। यही वजह है कि इस पिच को 3 डिमेरिट अंक मिले हैं।’
गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन का यही लक्ष्य अहमदाबाद की पिच पर कोई उंगली ना उठाए
इंदौर ट्रैक की तरह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन यह नहीं चाहता कि किसी को भी कोई परेशानी हो। इसी वजह से वो इस महत्वपूर्ण मुकाबले की पिच को बिल्कुल सामान्य रखना चाहता है। PTI से बात करते हुए राज्य एसोसिएशन के सूत्र ने कहा कि, ‘हमें भारतीय टीम मैनेजमेंट से कोई भी निर्देश नहीं मिले हैं और हमारे लोकल क्यूरेटर एक सामान्य ट्रैक को बनाना चाह रहे हैं।
जनवरी में यहां पर आखिरी रणजी मुकाबला खेला गया था जिसमें रेलवेज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 500 से अधिक रन बनाए थे। गुजरात को यहां एक पारी से मात मिली थी लेकिन उन्होंने भी दोनों पारियों में 200 से अधिक रन बनाए थे। अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है। इसमें कोई शक नहीं है पिछले कुछ दिनों से BCCI के अधिकारी और पिच की कमेटी लोकल क्यूरेटर को निर्देश दे रही है और हम खुद यही चाहते हैं कि यह बहुत ही शानदार टेस्ट मैच पिच रहे।’