मोहम्मद आमिर एक बार फिर विवाद में फंसे, बाबर आजम के बाद अब तैयब ताहिर के ऊपर तेज गेंदबाज का फूटा गुस्सा
कराची किंग्स के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर पिछले काफी समय से अपने खराब बर्ताव को लेकर चर्चा में हैं।
अद्यतन - मार्च 7, 2023 7:50 अपराह्न

कराची किंग्स के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर पिछले काफी समय से अपने खराब बर्ताव को लेकर चर्चा में हैं। इस समय खेले जा रहे पाकिस्तान सुपर लीग में आमिर का खराब बर्ताव कई लोगों को अच्छा नहीं लगा है।
पाकिस्तान सुपर लीग के 22वें मुकाबले में मोहम्मद आमिर को अपनी टीम के साथी तैयब ताहिर के ऊपर आक्रोशित होते हुए देखा गया। यह सब हुआ 6 मार्च को खेले गए कराची किंग्स और क्वेटा ग्लैडिएटर्स के बीच मुकाबले में। क्वेटा ग्लैडिएटर्स के 19वें ओवर में कप्तान सरफराज अहमद ने एक धीमी गेंद पर कड़ा प्रहार करना चाहा लेकिन गेंद बल्ले से ठीक तरीके से नहीं लगी और हवा में काफी ऊपर तक गई।
मिड ऑफ में तैयब ताहिर खड़े हुए थे जहां वो इस गेंद को काफी आसानी से पकड़ सकते थे लेकिन वो गेंद को सही तरीके से समझ नहीं पाए और इस कैच को छोड़ दिया। उस समय क्वेटा को आखिरी 8 गेंदों में 11 रन की दरकार थी। ताहिर अगर उस गेंद को पकड़ लेते तो शायद मुकाबला कराची जीत जाती।
तैयब ताहिर की इस खराब फील्डिंग को देखकर गेंदबाज मोहम्मद आमिर खुश नहीं हुए और उन्होंने तेजी से चिल्लाकर कहा कि, ‘ये क्या तरीका है यार।’ बता दें, इस गेंद पर सरफराज अहमद और मार्टिन गुप्टिल ने 2 रन भागे।
ये रही वीडियो:
Mohammad Amir🔥#Amir #KKvQG #Sarfaraz #naseemshah pic.twitter.com/uyRvvMI9ua
— TOP Sports (@topsports7809) March 6, 2023
मुकाबले की बात की जाए तो क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने कराची किंग्स को चार विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कराची किंग्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 164 रन बनाए। टीम की ओर से एडम रॉसिंग्टन ने 45 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 69 रन की पारी खेली। क्वेटा की ओर से नसीम शाह और ऐमल खान ने दो-दो विकेट झटके।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने 6 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। टीम की ओर से मार्टिन गुप्टिल ने 56 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 86 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली। तबरेज़ शम्सी ने चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट झटके लेकिन वो कराची किंग्स को जीत दिलाने में नाकाम रहे। मोहम्मद मूसा, आमिर यामिन और जेम्स फूलर ने एक-एक विकेट झटका। मार्टिन गुप्टिल को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया गया।