IND vs AUS: मुकाबले के दौरान विराट कोहली को लगी भूख, बीच मैदान पर ही हो गए शुरू
पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट खोकर 255 रन बना लिए हैं।
अद्यतन - Mar 9, 2023 5:46 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज यानी 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चौथा टेस्ट शुरू हो चुका है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट खोकर 255 रन बना लिए हैं। सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा 251 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 104* रन पर खेल रहे हैं जबकि कैमरून ग्रीन ने 64 गेंदों में आठ चौके की मदद से 49* रन बना लिए हैं।
हालांकि इस मुकाबले के पहले दिन फील्डिंग के दौरान भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली को कुछ खाते हुए देखा गया। वो स्लिप में खड़े पेट पूजा कर रहे थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी तेजी से वायरल हो रही है। तमाम लोग यही जानना चाहते हैं कि आखिर भारतीय बल्लेबाज क्या खा रहे थे?
यह सब देखने को मिला ऑस्ट्रेलिया की पारी के 23वें ओवर के शुरू होने से पहले। इस ओवर से ठीक पहले विराट कोहली स्लिप में खड़े होकर एनर्जी बार (Energy Bar) खा रहे थे। उस समय ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन अपना गार्ड ले रहे थे। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी थे।
यही नहीं जैसे ही लाबुशेन ने पहली गेंद खेली कोहली ने अपनी जेब में फिर से हाथ डाला और एनर्जी बार निकाली, हालांकि इस बार उन्होंने खुद नहीं खाई बल्कि श्रेयस अय्यर को ऑफर की।
ये रही वीडियो:
https://twitter.com/Anna24GhanteCh2/status/1633744600052424707?s=20
बता दें, बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2023 में भारत 2-1 से आगे हैं। पहला टेस्ट मेजबान ने एक पारी और 132 रन से अपने नाम किया था जबकि दूसरे टेस्ट को उन्होंने 6 विकेट से जीता था। तीसरा टेस्ट ऑस्ट्रेलिया ने इंदौर में 9 विकेट से अपने नाम किया था। भारत को अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह बनानी है तो उन्हें चौथा टेस्ट जीतना बेहद जरूरी है।
अभी तक विराट कोहली के बल्ले से बड़ा स्कोर नहीं निकला है। उन्होंने तीन टेस्ट मुकाबलों में 12, 44, 20, 22 और 13 रन बनाए हैं। तमाम फैंस यही दुआ कर रहे होंगे कि कोहली इस चौथे टेस्ट में बड़ा स्कोर बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाएं। फिलहाल चौथे टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में है लेकिन दूसरे दिन मेजबान भारत उनके ऊपर हावी होना चाहेगा।