अहमदाबाद टेस्ट में अक्षर पटेल की 79 रनों की पारी से शायद सुनील गावस्कर खुश नहीं हैं!
सुनील गावस्कर ने कहा कि अगली बार सेंचुरी मिस मत करियेगा क्योंकि शतक बनाने का मौका जल्दी नहीं मिलता।
अद्यतन - Mar 13, 2023 12:21 pm
![]()
बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट में टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल एक बार फिर शतक बनाने से चूक गए। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में तीसरी बार वह शतक बनाने से दूर रह गए। अहमदाबाद में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में उन्होंने 79 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनकी इस बल्लेबाजी को देखने के बाद भारत के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने उन्हें कुछ खास टिप्स दिए।
शतक बनाने के इतने मौके जल्दी नहीं आते-सुनील गावस्कर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक से चुकने पर सुनील गावस्कर ने अक्षर पटेल को खास सलाह दी। दरअसल उनके अनुसार शतक बनाने के मौके बहुत कम मिलते हैं। बता दें चौथे दिन स्टंप्स के बाद अक्षर पटेल से बातचीत करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा कि, अगली बार सेंचुरी मिस मत करिएगा क्योंकि शतक बनाने के मौके इतनी जल्दी नहीं मिलते हैं, तो जब आता है तो छोड़िए मत।
सुनील गावस्कर से पहले भारत के पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह ने भी अक्षर पटेल के पारी की काफी तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि, यह अक्षर पटेल की ही पारी थी जिसके कारण टीम इंडिया इतनी बेहतर स्थिति में आ पाई। उन्होंने (अक्षर पटेल) दिल्ली में 70 रन और नागपुर में भी अच्छी पारी खेली थी। इस मैच में भी उन्होंने तेजी से रन बनाकर भारतीय टीम को मुकाबले में आगे कर दिया। ये देखकर काफी अच्छा लग रहा है कि वो अब बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अक्षर पटेल ने किया शानदार प्रदर्शन
वहीं अगर बॉर्डर गावस्कर सीरीज में अक्षर पटेल के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 4 मैच की 5 पारियों में 88 की औसत से 264 रन बनाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट मैच की पहली पारी में भी काफी बेहतरीन बल्लेबाजी की। अक्षर पटेल ने 113 गेंद पर 79 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल हैं। उनकी इस पारी की मदद से टीम इंडिया 571 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बढ़त हासिल की।
चौथे टेस्ट से पहले उन्होंने नागपुर और दिल्ली टेस्ट में भी अर्धशतक लगाया था। वहीं इंदौर में हुए मुकाबले में भी उन्होंने दोनों पारियों में शानदार प्रदर्शन किया था और नाबाद रहे थे। हालांकि इस मुकाबले में मिचेल स्टार्क की गेंद पर बोल्ड हो गए। लेकिन आउट होने से पहले उन्होंने विराट कोहली के साथ छठे विकेट के लिए 162 रनों की बड़ी साझेदारी की।