'गेंद ऐसी डालो कि बल्लेबाज डर से आंखे बंद कर ले'- IPL से पहले इशांत शर्मा ने उमरान मलिक को दिए कुछ स्पेशल टिप्स - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘गेंद ऐसी डालो कि बल्लेबाज डर से आंखे बंद कर ले’- IPL से पहले इशांत शर्मा ने उमरान मलिक को दिए कुछ स्पेशल टिप्स

आईपीएल 2022 में उमरान मलिक ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 22 विकेट लिए थे।

Umran Malik Ishan Sharma (Photo Source: Twitter)
Umran Malik Ishan Sharma (Photo Source: Twitter)

भारतीय युवा खिलाड़ी उमरान मलिक आईपीएल 2021 के दूसरे फेज में अपनी तेज गेंदबाजी के चलते सुर्खियों में आए थे। उमरान की तेज गेंदबाजी देख भारतीय मैनेजमेंट ने उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के लिए नेट गेंदबाज के रूप में चुना था। आईपीएल 2022 में भी उमरान मलिक शानदार खेल दिखाते हुए नजर आए थे।

उमरान ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए पिछले सीजन 22 विकेट अपने नाम किए। जिसके बाद उमरान मलिक को भारतीय टीम से बुलावा आया। उमरान मलिक ने आयरलैंड के खिलाफ अपना टी-20 डेब्यू किया था।

वहीं कुछ दिग्गजों की माने तो अगर उमरान मलिक आने वाले मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो आगामी वर्ल्ड कप के लिए उन्हें भारतीय टीम में जगह मिल सकती है। इसी बीच भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने आईपीएल से पहले उमरान मलिक को कुछ खास टिप्स दिया है।

समय के साथ उमरान मलिक की गेंदबाजी और बेहतर हो जाएगी- इशांत शर्मा

उमरान मलिक ने भारत के लिए अब तक 8 वनडे और इतने ही टी-20 मैच खेले हैं। आपको बता दें उमरान मलिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए सबसे तेज गेंद (156 किमी प्रति घंटे) फेंक चुके हैं। वहीं भारतीय दिग्गज तेज गेंदबाज इशांत शर्मा उमरान मलिक को इस वक्त करियर से जुड़े कुछ सुझाव देते हुए नजर आ रहे हैं।

इशांत शर्मा ने क्रिकबज के शो Rise of New India पर बात करते हुए कहा, ‘उसे गेंद कहां जाती है इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। अनुभव के साथ उसे समझ आ जाएगा। अगर वह 150 और 160 के स्पीड से गेंदबाजी कर सकता है तो उसे सिर्फ उसी पर ध्यान देना चाहिए।’

इशांत शर्मा ने आगे कहा, ‘उसे सिर्फ अपने आप को बैक करना चाहिए और रन लीक होने की चिंता नहीं करनी चाहिए। तेज गेंदबाजी ऐसी करो कि बल्लेबाज डर के मारे अपनी आंखे बंद कर ले। इसलिए किसी को उसे बताना चाहिए और विश्वास दिलाना चाहिए कि आपको इतनी तेज गेंदबाजी करनी है कि बल्लेबाज उसे देख न पाएं।’

close whatsapp