'आपके पास ऐसा कप्तान नहीं हो सकता, जो एक मैच के लिए हो और बाकी के लिए नहीं हो' रोहित शर्मा की कप्तानी को लेकर सुनील गावस्कर  - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘आपके पास ऐसा कप्तान नहीं हो सकता, जो एक मैच के लिए हो और बाकी के लिए नहीं हो’ रोहित शर्मा की कप्तानी को लेकर सुनील गावस्कर 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में रोहित की जगह हार्दिक ने संभाली थी टीम इंडिया की कमान

Sunil Gavaskar and Rohit Sharma (Image Credit- Twitter)
Sunil Gavaskar and Rohit Sharma (Image Credit- Twitter)

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विश्व कप विजेता खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और हिटमैन रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है। गावस्कर का कहना है कि वर्ल्ड कप वाले साल में रोहित शर्मा को भारत के लिए हर एक वनडे मैच खेलना चाहिए।

बता दें कि हाल में ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में रोहित शर्मा अपने साले की शादी के एक समारोह की वजह से हिस्सा नहीं ले पाए थे। तो वहीं इसके बाद उन्होंने टीम में वापसी की, पर टीम इंडिया को दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा था।

रोहित की कप्तानी को लेकर गावस्कर ने दिया बड़ा बयान

बता दें कि पूर्व सलामी बल्लेबाज ने रोहित शर्मा की कप्तानी को लेकर स्टार स्पोर्ट्स पर बड़ा बयान दिया है। गावस्कर ने कहा- मुझे लगता है कि उसे (रोहित शर्मा) हर एक मैच खेलना चाहिए। आपके पास एक ऐसा कप्तान नहीं हो सकता है, जो एक मैच के लिए उपलब्ध हो और बाकी के लिए ना हो।

यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात है। यह टीम में किसी भी खिलाड़ी के साथ हो सकता है। लेकिन मुझे पता है कि यह एक पारिवारिक मसला था, इसलिए उसे वहां होना था। वह समझ में आता है।

गावस्कर ने आगे कहा- जब वर्ल्ड कप की बात आती है तो आपके पास पारिवारिक मसले नहीं हो सकते हैं। बस, आपात स्थिति को छोड़कर, इमरजेंसी बिल्कुल अलग चीज है। आप यह भी कर सकते हैं कि आपके पास जो भी हो, आप उसे वर्ल्ड कप से पहले निपटा लें।

गावस्कर ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा- आपको (रोहित शर्मा) टीम को कमान निरंतर रूप से संभालनी चाहिए। आपको लगता है कि वहां सब आपके साथ है, लेकिन जब आप ऐसा नहीं करते हैं तो लगता है कि आपके पास दो लीडर हैं।

close whatsapp