क्या विराट कोहली तोड़ पाएंगे सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों का रिकॉर्ड?, रवि शास्त्री ने दिया जवाब - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या विराट कोहली तोड़ पाएंगे सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों का रिकॉर्ड?, रवि शास्त्री ने दिया जवाब

मास्टर ब्लास्टर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक लगाए हैं तो वहीं विराट कोहली भी इससे बस कुछ कदम ही दूर हैं।

Virat Kohli And Ravi Shastri (Photo Source : Twitter)
Virat Kohli And Ravi Shastri (Photo Source : Twitter)

रन मशीन के नाम से मशहूर भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की तुलना अक्सर सचिन तेंदुलकर से की जाती है। हालांकि पिछले कुछ सालों से उनके करियर में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। यहां तक कि उन्होंने बल्लेबाजी पर फोकस करने के लिए टीम इंडिया की कप्तानी भी छोड़ दी और आईपीएल में भी बतौर बल्लेबाज ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हैं।

साल 2022 में एशिया कप में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया और लंबे समय बाद शतक भी लगाया। उन्होंने अपनी शानदार पारी से कई रिकार्ड्स भी अपने नाम किए हैं। इससे पहले वह फॉर्म से जूझ रहे थे। हालांकि, अक्सर उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर से होती रही है। बता दें मास्टर ब्लास्टर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक लगाए हैं, तो वहीं विराट कोहली भी महज इससे बस कुछ कदम ही दूर हैं, उन्होंने (विराट कोहली) 75 शतक जड़े हैं।

विराट कोहली के लिए यह रिकॉर्ड तोड़ पाना आसान नहीं होगा-रवि शास्त्री 

दरअसल इस बात की अक्सर चर्चा होती है कि क्या विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर का 100 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे। जिसके जवाब में हाल ही में भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, विराट कोहली के लिए यह रिकॉर्ड तोड़ पाना आसान नहीं होगा। आज तक कितने खिलाड़ियों ने 100 शतक जड़ा है? यह काम सिर्फ एक खिलाड़ी ने किया है।

उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, हां, विराट कोहली जरूर फिट हैं। ऐसे में वह आसानी से 5 से 6 साल तक क्रिकेट खेल सकते हैं। लेकिन जब उस स्तर का कोई खिलाड़ी सेंचुरी मारना शुरू कर देता है तो वह एक के बाद एक मैच में शतक लगाता है। विराट अभी बिलकुल फिट हैं लेकिन 100 शतक तक पहुंचना आसान नहीं होगा। यह एक बहुत बड़ी बात है।

दरअसल, विराट कोहली ने टेस्ट में 28, वनडे मैच में 46 और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक शतक बनाया है। बता दें वह वनडे में सचिन तेंदुलकर के 49 शतक से मात्र चार कदम ही दूर हैं। हालांकि विराट कोहली के फैंस को उम्मीद है कि वह मास्टर ब्लास्टर का यह रिकॉर्ड जरूर तोड़ सकते हैं।

close whatsapp