IPL 2023: कप्तानी से हटाए जाने के बाद रवींद्र जडेजा ने छोड़ दिया था होटल….फिर धोनी ने
आईपीएल 2023 का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच 31 मार्च को खेला जाएगा।
अद्यतन - Mar 26, 2023 2:06 pm

आईपीएल का पिछला सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था। सीजन की शुरूआत में महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ने का निर्णय लिया। जिसके बाद रवींद्र जडेजा को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। लेकिन जडेजा की कप्तानी में CSK को लगातार करारी हार का सामना करना पड़ा।
जिसके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने वापस से CSK के कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। कप्तानी पद से हटने के बाद जडेजा आईपीएल 2022 के बाकी बचे हुए मैचों से बाहर हो गए। आईपीएल 2022 के बाद CSK मैनेजमेंट, महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा के बीच खटास की खबरें जोर पकड़ रही थी।
रवींद्र जडेजा ने तो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से CSK से जुड़े सारे पोस्ट भी हटा दिए थे। लेकिन हाल ही में खबर आ रही है कि जडेजा के कप्तानी पद से हटने के बाद धोनी और जडेजा के बीच अहम बातचीत हुई थी।
जडेजा और धोनी के बीच हुई थी अहम बातचीत
आईपीएल का पिछला सीजन रवींद्र जडेजा के लिए काफी काफी खराब रहा था। 10 मैचों में रवींद्र जडेजा के बल्ले से मात्र 116 रन निकले थे और मात्र 5 विकेट ले पाए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कप्तानी से बर्खास्त किए जाने के बाद रवींद्र जडेजा होटल छोड़कर बाहर चले गए थे। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2022 को लेकर रवींद्र जडेजा के साथ खुलकर बातचीत की।
साथ ही जडेजा ने CSK के CEO काशी विश्वनाथन से भी आमने-सामने सारी चीजों को लेकर बात की। जिसके बाद सारी अफवाहें दूर हुई। उस मीटिंग में जडेजा ने अपनी नाराजगी जाहिर की और वह भविष्य में क्या चाहते हैं, इसको लेकर भी खुलकर बात हुई।
रवींद्र जडेजा एशिया कप 2022 के दौरान चोटिल हो गए थे। चोट से लंबे समय तक जूझने के बाद जडेजा ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वापसी की। जहां उन्होंने प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता। जडेजा इस वक्त शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। आईपीएल के इस सीजन में जडेजा अपना शानदार जलवा दिखाते हुए नजर आ सकते हैं।