‘गेंद को ऐसे उड़ाया जैसे मक्खी उड़ाते हैं…’- किंग कोहली की तारीफ करते नहीं थक रहे पूर्व दिग्गज क्रिकेटर
विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 49 गेंदो में 6 चौके और 5 छक्को की मदद से 82 रन बनाए।
अद्यतन - अप्रैल 3, 2023 1:29 अपराह्न

लम्बे समय तक फॉर्म से जूझने के बाद पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पिछले साल एशिया कप में शानदार वापसी की थी। एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जैसे बड़े टूर्नामेंट में विराट कोहली ने भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाए थे। आईपीएल के 16वें सीजन शुरू होने से पहले इस बात की चर्चा जोरों पर थी कि, क्या विराट कोहली उसी फॉर्म को इस सीजन भी दोहराएंगे?
ऐसा ही कुछ हमें उनके इस सीजन के पहले मैच में देखने को मिला। विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 49 गेंदो में 6 चौके और 5 छक्को की मदद से 82 रनों की नाबाद पारी खेली। इसी बीच दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली की जमकर तारीफ करते हुए नजर आए।
सुनील गावस्कर ने विराट की पारी पर कही यह बात
मुंबई इंडियंस के खिलाफ RCB 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थी। फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली ने मिलकर टीम को शानदार शुरूआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी हुई। फाफ डु प्लेसिस 73 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फिर विराट कोहली ने विनिंग शॉट मार टीम को 8 विकेट से शानदार जीत दिलाई।
किंग कोहली की बल्लेबाजी देख कई दिग्गज खिलाड़ी ख़ुशी से फुले नहीं समां रहे हैं। सुनील गावस्कर ने विराट कोहली की पारी पर बात करते हुए कहा, ‘अंत में पुल शॉट खेल जो छक्का जड़ा था वह शानदार था। ऊपर से वह स्लोअर डिलिवरी थी। लेकिन वह तुरंत अच्छी पोजीशन में आ गए, और गेंद को ऐसे उड़ा दिया जैसे मक्खी उड़ाते हैं।’
विराट पर कोई दबाव नहीं है- क्रिस गेल
मैच के बाद जियोसिनेमा पर बात करते हुए विराट कोहली के पूर्व साथी खिलाड़ी क्रिस गेल ने कहा, ‘मुझे यकीन है विराट पर कोई दबाव नहीं है। मैंने और एबी ने टूर्नामेंट से पहले उनके बारे में बात की थी। एबी ने कहा था, ये थोड़ा रनों के भूखे हैं ,कोई दबाव नहीं है। और हमने 2016 में विराट को देखा है। यह गेंदबाजों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।’ क्रिस गेल ने चार साल बाद बैंगलोर में टूर्नामेंट की वापसी का जश्न भी मनाया और कहा कि खिलाड़ियों को फैंस को खुश करने की जरूरत है।