'उसने मौके को दोनों हाथ से लपका है'- साई सुदर्शन के शानदार प्रदर्शन पर इरफान पठान का बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘उसने मौके को दोनों हाथ से लपका है’- साई सुदर्शन के शानदार प्रदर्शन पर इरफान पठान का बड़ा बयान

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ साई सुदर्शन ने 48 गेंदो में 62 रनों की नाबाद पारी खेली।

Irfan Pathan Sai Sudarshan (Photo Source: Twitter)
Irfan Pathan Sai Sudarshan (Photo Source: Twitter)

गुजरात टाइटंस के युवा खिलाड़ी साई सुदर्शन ने कल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में 48 गेंदो में 62 रनों की शानदार पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स द्वारा निर्धारित 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। क्योंकि ओपनर रिद्धिमान साहा और शुभमन गिल जल्दी आउट हो गए थे।

लेकिन साई सुदर्शन ने गुजरात टाइटंस के लिए मैच विनिंग पारी खेल टीम को 6 विकेट से मैच जीतवाया। 21 साल का ये युवा बल्लेबाज सोशल मीडिया पर इस वक्त खूब वाहवाही लूटते हुए नजर आ रहे हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ी व क्रिकेट कमेंटेटर इरफान पठान ने साई सुदर्शन की जमकर तारीफ की है।

साई सुदर्शन के बारे में इरफान पठान ने कही यह बात

आईपीएल 2023 के पहले ही मैच में केन विलियम्सन कैच पकड़ते वक्त बुरी तरह चोटिल हो गए थे। जिसके बाद मैदान में साई सुदर्शन इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे थे। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ साई सुदर्शन ने 22 रनों की पारी खेली थी। वहीं दूसरे मैच में भी उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया था।

पूर्व भारतीय खिलाड़ी इरफान पठान ने साई सुदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, ‘वह तमिलनाडु प्रीमियर लीग में भी अच्छे खिलाड़ी थे। TNPL में उसकी सैलरी आईपीएल से ज्यादा है। पिछले एक साल में उन्होंने जो भी अनुभव हासिल किया है उसे देखना बेहद सुखद है। और यह किसी का नुकसान और किसी का फायदा है।’

गुजरात टाइटंस को बहुत फायदा होगा- इरफान पठान

इरफान पठान के मुताबिक साई सुदर्शन अगर ऐसे ही खेल दिखाते रहे तो वह गुजरात टाइटंस के लिए काफी अच्छा होगा। आईपीएल 2023 में ऑरेंज कैप की रेस में साई सुदर्शन इस वक्त पांचवे पायदान पर हैं। शानदार प्रदर्शन से साई सुदर्शन ऑरेंज कैप भी अपने नाम करते हुए नजर आ सकते है।

इरफान पठान ने आगे बात करते हुए कहा, ‘किसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के नहीं होने से नुकसान होता है। लेकिन इस युवा खिलाड़ी ने उस मौके को दोनों हाथों से लपका है। वह बाएं हाथ का बल्लेबाज है। इसलिए वह जितना बेहतर प्रदर्शन करेंगे, वो उतना अच्छा होगा। वह नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों की मदद करने वाली पिचों पर लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन बनाए रखने में काम आएगा।’

 

close whatsapp