‘मैं माही से विनती करूंगा कि वह मुझे…’- एमएस धोनी से यह चीज सीखना चाहते हैं ये पूर्व दिग्गज भारतीय खिलाड़ी
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने चार बार आईपीएल टाइटल जीता है।
अद्यतन - अप्रैल 6, 2023 8:03 अपराह्न

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम किया। महेंद्र सिंह धोनी इस वक्त आईपीएल के 16वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बार CSK धोनी की कप्तानी में पांचवीं बार आईपीएल खिताब अपने नाम कर सकती है।
मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी कप्तान के रूप में जो भी फैसला लेते हैं वो अक्सर सही साबित होती हुई नजर आती है। जिसके चलते ही वह क्रिकेट की दुनिया के सफल कप्तानों में से एक हैं। मैच के दौरान परिस्थिति के अनुसार फैसले लेने में महेंद्र सिंह धोनी माहिर है। इसको लेकर हाल ही में पूर्व भारतीय खिलाड़ी रूद्र प्रताप सिंह ने धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
धोनी की यह चीज चुराना चाहते हैं आरपी सिंह
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2023 के पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 3 गेंदो में 2 छक्को की मदद से 12 रनों की छोटी व शानदार पारी खेलते हुए नजर आए थे। कैप्टन कूल इस वक्त अपनी शानदार बल्लेबाजी के चलते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
लेकिन इसी बीच रूद्र प्रताप सिंह ने उस एक चीज के बारे में खुलासा किया जिसे वह धोनी से चुराना चाहते हैं। रूद्र प्रताप सिंह ने जियोसिनेमा पर बात करते हुए कहा, ‘मैं माही से विनती करूंगा कि, वह मुझे मैच की नब्ज पकड़ने की अपनी बेजोड़ क्षमता दे। ऐसी बहुत सी चीजें है जो आप उनसे चुरा सकते हैं। लेकिन मैं शायद उसकी बाइक RX100 चुराऊंगा।’
मुंबई इंडियंस के साथ होगा CSK का अगला मुकाबला
चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 12 रन से हराकर इस सीजन की पहली जीत दर्ज की थी। CSK अगला मुकाबला 8 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के साथ वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी। लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में CSK ने बल्लेबाजी तो शानदार अंदाज में की थी। लेकिन गेंदबाजी में टीम बहुत गलतियां करती हुई नजर आई थी।
गेंदबाज वाइड और नो बॉल फेंकते हुए नजर आए थे। मुंबई इंडियंस के खिलाफ चेन्नई की राइवलरी बहुत पुरानी है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) आईपीएल लीग में अब तक 34 बार आमने-सामने टकराई है। जिसमें मुंबई इंडियंस ने 20 बार और CSK ने 14 बार जीत हासिल की है। मुंबई इंडियंस अपने होम ग्राउंड पर खेलेगी जिसके चलते वह CSK पर हावी होते हुए नजर आ सकती है।