RCB vs LSG: बैंगलोर टीम के प्रदर्शन से नाखुश हैं माइक हेसन, दिया यह बड़ा बयान
10 अप्रैल को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 1 विकेट से करारी शिकस्त दी।
अद्यतन - Apr 11, 2023 3:42 pm

10 अप्रैल को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 1 विकेट से करारी शिकस्त दी। यह मैच बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 212 रन बनाए। टीम की ओर से विराट कोहली ने 44 गेंदों में चार चौके और 4 छक्कों की मदद से 61 रन की पारी खेली जबकि कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 46 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 79 रन की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली।
ग्लेन मैक्सवेल ने भी 29 गेंदों में तीन चौके और 6 छक्कों की मदद से 59 रन की विस्फोटक पारी खेली। LSG की ओर से अमित मिश्रा और मार्क वुड ने 1-1 विकेट झटका। लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस लक्ष्य को एक विकेट रहते हासिल कर लिया। टीम की ओर से मार्कस स्टोइनिस ने 30 गेंदों में छह चौके और 5 छक्कों की मदद से 65 रन की पारी खेली जबकि निकोलस पूरन ने 19 गेंदों में 4 चौके और 7 छक्कों की मदद से 62 रन की विस्फोटक मैच जिताऊ पारी खेली। अपनी टीम के प्रदर्शन को लेकर RCB के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशन माइक हेसन ने बड़ा बयान दिया।
माइक हेसन ने RCB के आधिकारिक यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘मुझे लगता है कि हमारी बल्लेबाजी सच में कमाल की थी। सभी खिलाड़ियों ने काफी विस्फोटक बल्लेबाजी की और यह देखकर मुझे काफी काफी अच्छा लगा। गेंदबाजी में हमने लगातार तीसरी बार पावरप्ले में काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया। हालांकि अंतिम ओवर्स में हमने एक समय काफी जबरदस्त वापसी की लेकिन मिडिल ओवर्स में काफी रन लुटाने की वजह से हम इस मैच को अपने नाम नहीं कर पाए।’
स्पिनर्स के प्रदर्शन से नाखुश हैं संजय बांगर
RCB के मुख्य कोच संजय बांगर ने विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल और कप्तान फाफ डु प्लेसिस की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। उन्होंने यह भी कहा कि तेज गेंदबाजों ने पावरप्ले में काफी अच्छी गेंदबाजी की लेकिन स्पिनर्स इस मैच में अपनी छाप नहीं छोड़ पाए।
उन्होंने कहा कि, ‘विराट और फाफ ने कमाल की बल्लेबाजी की। ग्लेन मैक्सवेल को भी विस्फोटक पारी खेलनी थी और उन्होंने वैसा ही खेला। मुझे लगता है कि तेज गेंदबाजों ने सच में कमाल की गेंदबाजी की लेकिन स्पिनर्स आज अपने उस रंग में नहीं दिखे। लेकिन इसको लेकर हमें काफी कुछ सोचना पड़ेगा।’