मुंबई इंडियंस के खिलाफ अक्षर पटेल को लेकर तैयार है DC के कोच का बड़ा प्लान!
आईपीएल 2023 का 16वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा।
अद्यतन - Apr 11, 2023 4:44 pm

आईपीएल का 16वां सीजन दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए अब तक निराशाजनक रहा है। दिल्ली कैपिटल्स को पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) से 57 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। टीम को अब तक तीनों मुकाबलों में ही करारी हार झेलनी पड़ी है। दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला 11 अप्रैल को पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) के साथ होगा।
मुंबई इंडियंस भी इस सीजन में अब तक पाइंट्स टेबल में खाता नहीं खोल पाई है। इसी बीच दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच प्रवीण आमरे ने दिल्ली कैपिटल्स टीम में अक्षर पटेल की भूमिका को लेकर बड़ा खुलासा किया है। प्रवीण आमरे के मुताबिक आगामी मुकाबलों में अक्षर पटेल बल्लेबाजी क्रम में पहले बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं।
अक्षर पटेल के रोल पर प्रवीण आमरे ने कही यह बात
मुंबई इंडियंस के खिलाफ आगामी मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवीण आमरे ने अक्षर पटेल को लेकर बात करते हुए कहा, ‘हमारे पास अक्षर पटेल के रूप में अच्छा विकल्प है। वह दिल्ली के साथ 5 वर्षों से हैं। जिस तरह से उन्होंने भारत के लिए बल्लेबाजी की है, वह शानदार है। खासतौर पर वह बाएं हाथ के बल्लेबाज है इसलिए हमारे दिमाग में यह है कि हम उनका इस्तेमाल किस तरह से कर सकते हैं।’
पृथ्वी अब तक उम्मीदों पर नहीं खड़े उतरे- प्रवीण आमरे
दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ आईपीएल के इस सीजन में आउट ऑफ फॉर्म नजर आ रहे हैं। लेकिन प्रवीण आमरे का मानना है कि सीजन के आगामी मुकाबलों में पृथ्वी शॉ फॉर्म में वापसी कर सकते हैं।
प्रवीण आमरे ने आगे बात करते हुए कहा, ‘पृथ्वी एक काबिल बल्लेबाज है। लेकिन हां उसने अब तक हमारी उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। हमें उम्मीद है कि आने वाले मैचों में वह हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हम सभी जानते हैं कि उसके पास क्षमता है।’
दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच ने इस बात पर भी जोर दिया कि टीम ने पावरप्ले में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। पिछले तीन मुकाबले में टीम ने पॉवरप्ले में 47/2, 52/2 और 38/3 कुछ इस तरह के स्कोर बनाए हैं। आगामी मुकाबलों में टीम को पावरप्ले की समस्या से बाहर आते हुए शानदार बल्लेबाजी करके दिखानी होगी।