नितीश राणा ने जमकर की चोटिल आंद्रे रसल की तारीफ, कहा- उन्होंने मैच में काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
नितीश राणा ने कहा कि, ऐसा नहीं है कि रसल हैं तो वही सिर्फ रन बनाएंगे, बाकी प्लेयर्स को भी जिम्मेदारी लेनी होगी।
अद्यतन - Apr 15, 2023 2:17 pm

14 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) के बीच खेले गए मुकाबले में हैदराबाद ने कोलकाता को 23 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 228 रन बना डाले। इसमें सबसे बड़ा योगदान इस टीम के खिलाड़ी हैरी ब्रूक का रहा।
बता दें हैरी ब्रूक ने 55 गेंद पर शतक ठोका। उनके अलावा एडेन मार्कराम ने अर्धशतकीय पारी खेली। साथ ही अभिषेक शर्मा ने भी 32 रन बनाए। वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 205 रन ही बना सकी। वहीं कोलकाता की ओर से आंद्रे रसल ने दो विकेट लिए। हालांकि आईपीएल 2023 में उनका बल्ला अभी तक चला नहीं है। लेकिन उन्होंने गेंदबाजी से अच्छा प्रदर्शन किया।
अगर वह बल्ले से प्रदर्शन नहीं कर सकते तो वह गेंद से अच्छा प्रदर्शन करेंगे- नितीश राणा
वहीं आंद्रे रसल की परफॉरमेंस पर बात करते हुए नितीश राणा ने कहा कि, रसल हमारे लिए टी-20 क्रिकेट के सबसे बड़े ऑलराउंडरों में से एक है। अगर वह बल्ले से प्रदर्शन नहीं कर सकते तो मुझे पता है वह गेंद से अच्छा प्रदर्शन करेंगे, जो उन्होंने आज किया।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, ऐसा नहीं है कि रसल हैं तो वही सिर्फ रन बनाएंगे। अगर ऐसा होता है तो यह अच्छा है लेकिन हम उनके काबिलियत को जानते हैं और वह 100 प्रतिशत देंगे। आंद्रे रसल की फिटनेस पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि, यह इंजरी नहीं है बस क्रैम्प हैं, जो डीहाईड्रेशन के कारण हुआ है।
नितीश राणा ने अपने बॉलिंग यूनिट के बारे में बात करते हुए कहा कि, किसी भी विकेट पर 230 रनों के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होता। हम गेंदबाजी यूनिट के रूप में बेहतर कर सकते थे लेकिन मुझे यकीन है कि ये वह गेंदबाज हैं जो मुझे आगे चलकर मैच जिताएंगे। सीखने के लिए बहुत कुछ है। एक टीम के रूप में हम इसपर बात करेंगे। मैं अपने बल्लेबाजों से खुश हूं।