बीसीसीआई ने जसप्रीत बुमराह और श्रेयस अय्यर की फिटनेस पर दी बड़ी अपडेट - क्रिकट्रैकर हिंदी

बीसीसीआई ने जसप्रीत बुमराह और श्रेयस अय्यर की फिटनेस पर दी बड़ी अपडेट

श्रेयस अय्यर पहले से ही WTC 2023 फाइनल से बाहर हो चुके हैं।

Jasprit Bumrah and Shreyas Iyer (Image Source: BCCI)
Jasprit Bumrah and Shreyas Iyer (Image Source: BCCI)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 15 अप्रैल को चोटिल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को लेकर बड़ी अपडेट शेयर की है।

भारत के स्टार तेज गेंदबाज बुमराह पीठ की चोट के कारण अक्टूबर 2022 से एक्शन से बाहर हैं, और हाल ही में न्यूजीलैंड में उनकी पीठ के निचले हिस्से की सफल सर्जरी हुई। बुमराह को सर्जरी के छह सप्ताह बाद रिहैब शुरू करने की सलाह दी गई थी, और स्टार पेसर ने 14 अप्रैल को बेंगलुरु में स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में अपना रिहैब मैनेजमेंट शुरू कर दिया है, जो टीम इंडिया के लिए निश्चित ही बेहद राहत की खबर है।

जसप्रीत बुमराह ने NCA में शुरू किया रिहैब

बीसीसीआई ने आधिकारिक बयान में कहा: ‘जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड में अपनी पीठ के निचले हिस्से की सर्जरी करा ली है, जो सफल रही और उन्हें दर्द भी नहीं है। विशेषज्ञ ने तेज गेंदबाज को सर्जरी के छह सप्ताह बाद अपना रिहैब शुरू करने की सलाह दी, जिसके अनुसार बुमराह ने 14 अप्रैल से बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में अपना रिहैब प्रबंधन शुरू कर दिया है।’

इस बीच, बीसीसीआई ने श्रेयस अय्यर को लेकर भी बड़ी अपडेट दी है, जो पीठ के निचले हिस्से में बार-बार होने वाली समस्या के कारण जारी आईपीएल 2023 से बाहर हो गए थे। बोर्ड ने कहा कि 28-वर्षीय अगले सप्ताह अपनी पीठ के निचले हिस्से की सर्जरी करवाएंगे, और सर्जरी के दो सप्ताह बाद ही वह NCA में अपना रिहैब शुरू करेंगे।

बीसीसीआई ने आधिकारिक बयान में आगे कहा: ‘श्रेयस अय्यर की पीठ के निचले हिस्से की समस्या के लिए अगले सप्ताह सर्जरी होनी है। वह दो सप्ताह तक सर्जन की देखरेख में रहेंगे और उसके बाद रिहैब के लिए एनसीए लौटेंगे।’

आपको बता दें, श्रेयस अय्यर पहले से ही WTC 2023 फाइनल से बाहर हो चुके हैं, और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बुमराह इस मैच से पहले पूर्ण फिटनेस हासिल कर पाएंगे या नहीं।

close whatsapp