सिकंदर रजा ने अच्छा खेला और उन्होंने मेरे लिए स्टेज सेट कर दिया था- शाहरुख खान ने की अपने साथी खिलाड़ी की तारीफ
शाहरुख खान ने तूफानी पारी खेलते हुए अपनी टीम को यह मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई।
अद्यतन - Apr 16, 2023 12:32 pm

आईपीएल 2023 के खेले गए 20वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 2 विकेट से हराया। पंजाब के दो बेहतरीन बल्लेबाज सिकंदर रजा और शाहरुख खान ने इस मैच में बेहतरीन पारी खेलकर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। पंजाब किंग्स की जीत का मुख्य कारण ये दोनों ही खिलाड़ी रहे।
दरअसल पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 159 रन बनाए। लखनऊ की ओर से कप्तान केएल राहुल ने 41 गेंद पर 74 रनों की पारी खेली। वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने तीन गेंद शेष रहते हुए मुकाबले को 2 विकेट से जीत लिया। पंजाब ने 19.3 ओवर में 161 रन बनाए।
टीम को जीत दिलाने के बाद मुझे काफी अच्छा महसूस हो रहा है- शाहरुख खान
हालांकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम 139 के स्कोर पर 7 विकेट गवां चुकी थी लेकिन फिर शाहरुख खान ने तूफानी पारी खेलते हुए अपनी टीम को यह मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद शाहरुख खान ने कहा कि, टीम को जीत दिलाने के बाद मुझे काफी अच्छा महसूस हो रहा है। रन चेज के दौरान खेल में बने रहना जरुरी था। सिकंदर रजा ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और उन्होंने मेरे लिए स्टेज सेट कर दिया था।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, मैं गेंद के हिसाब से शॉट खेलने की कोशिश कर रहा था। प्रैक्टिस में जो किया वह काम आ रहा है। दरअसल मैं अपने मसल्स का उपयोग करके सीधे शॉट मारने का प्रयास करता हूं। मुझे पूरा भरोसा था कि मैं आखिरी ओवर में मैच फिनिश कर दूंगा।
बता दें पंजाब की ओर से सिकंदर रजा ने 44 गेंदों में 57 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत पंजाब को जीत हासिल करने में मदद मिली। वहीं अंत में शाहरुख खान ने भी 10 गेंदों में 23 रनों की तूफानी पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई।