DC के खिलाफ बड़ी पारी नहीं खेलने पर विराट कोहली का बड़ा बयान, कहा- मैं काफी निराश था कि मैं फुल टॉस पर आउट हुआ
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मैच में दिल्ली कैपिटल्स को एक बार फिर हार का सामना करना पड़ा।
अद्यतन - Apr 16, 2023 1:18 pm

शनिवार 15 अप्रैल 2023 को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच मुकाबले में बैंगलोर की टीम ने शानदार जीत दर्ज की। बता दें पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए।
RCB की ओर से फाफ डुप्लेसिस ने 22, महिपाल लोमरोर ने 26 और ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रन की पारी खेली। हालांकि इस टीम के लिए सबसे ज्यादा रन विराट कोहली ने बनाए। बता दें उन्होंने 34 गेंदों पर अर्धशतकीय खेली। हालांकि वह बड़ी पारी खेलना चाहते थे लेकिन फुल टॉस गेंद पर वह आउट होकर पवेलियन लौट गए।
मैं चाहता था कि 50 के बाद मैं अगली 10 गेंदों पर 30-35 रन बनाऊं- विराट कोहली
मैच खत्म होने के बाद विराट कोहली ने कहा कि, मैं काफी निराश था कि मैं फुल टॉस पर आउट हो गया। मैं वास्तव में अच्छा खेल रहा था। मैं चाहता था कि 50 के बाद मैं अगली 10 गेंदों पर 30-35 रन बना सकूं। मैं इसी तरह खेलता हूं। मैंने चेंज रूम में अपने साथियों से एक बात कही थी कि इस पिच पर 175 रन ही काफी है। हमने उस स्कोर तक पहुंचने के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया और विश्वास था कि यह काफी है।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, दरअसल जब मैं गेंदबाजों के बेस्ट गेंद को दूर रखता हूं तो वे कुछ और करने की कोशिश करने लगते हैं। मैं अच्छी गेंदों और विपक्षी टीम के बेहतरीन गेंदबाजों को हिट करने के लिए तैयार रहता हूं। दो अंक पाकर बहुत खुशी हुई। हमने पिछले दो मैचों में इसे जाने दिया। हमारे लिए इस तरह का वापसी करना बहुत महत्वपूर्ण था।
बता दें शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में बैंगलोर के शानदार गेंदबाजी के आगे दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज परेशान नजर आए। दिल्ली ने बेहद शर्मनाक शुरुआत की और उनके टॉप 2 बल्लेबाज दो रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुके थे। वहीं यह मैच जीतकर बैंगलोर की टीम पॉइंट्स टेबल में सांतवे पायदान पर पहुंच गई है।