‘उसके अंदर बहुत कॉन्फिडेंस है..’- अर्जुन तेंदुलकर को लेकर रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अर्जुन तेंदुलकर ने 18 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया।
अद्यतन - अप्रैल 19, 2023 1:21 अपराह्न

मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मुकाबले में 14 रनों से जीत हासिल कर आईपीएल में जीत की हैट्रिक लगा दी है। सनराइजर्स हैदराबाद को जीत के लिए आखिरी ओवर में 20 रनों की जरूरत थी और टीम के हाथ में मात्र दो विकेट थे। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने अर्जुन तेंदुलकर को फाइनल ओवर में गेंद थमाई। अर्जुन ने सबको प्रभावित करते हुए 20 रनों का बचाव करते हुए टीम को जीत दिलाई।
आखिरी ओवर में अब्दुल समद जो बड़े शॉट खेलने का काबिलियत रखते हैं वह रन आउट हो गए। जिसके बाद अर्जुन ने ओवर की पांचवी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार को आउट कर अपना पहला आईपीएल विकेट लिया। इस बीच कप्तान रोहित शर्मा ने जीत के बाद अर्जुन तेंदुलकर को लेकर बड़ा बयान दिया है।
अर्जुन योजनाओं को लेकर स्पष्ट है- रोहित शर्मा
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत के बाद रोहित शर्मा ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन पर बात करते हुए कहा, ‘अर्जुन के साथ खेलना वाकई में बहुत रोमांचक है। जीवन एक पूर्ण चक्र पर आ गया है। अर्जुन तीन साल से इस टीम का हिस्सा हैं। वह समझता है कि वह क्या करना चाहता है वह काफी आत्मविश्वासी भी है वह अपने प्लान को लेकर स्पष्ट भी है। नई गेंद को स्विंग कराने और डेथ ओवरों में यॉर्कर डालने की कोशिश कर रहा है।’
पहले विकेट को लेकर अर्जुन तेंदुलकर ने कही बड़ी बात
हैदराबाद के खिलाफ अर्जुन ने 2.5 ओवर में 18 रन देते हुए एक विकेट अपने नाम किया। हैदराबाद के खिलाफ अपने पहले विकेट पर बात करते हुए अर्जुन ने कहा, ‘पहला विकेट लेकर बहुत अच्छा लग रहा है, मैं बस योजनाओं पर ध्यान देता हूं और उन पर बने रहने की कोशिश करता हूं। मुझे गेंदबाजी बहुत पसंद है, जब भी कप्तान बोलेंगे मैं तब गेंदबाजी करने के लिए तैयार हूं।’
अर्जुन ने आगे कहा, ‘बस टीम के प्लान पर बने रहना चाहता हूं और बेस्ट देना चाहता हूं। मैंने अपनी रिलीज पर ध्यान दिया और अच्छी लाइन-लेंथ से गेंदबाजी की। अर्जुन ने अपने पिता सचिन तेंदुलकर को लेकर बात करते हुए कहा, ‘हम क्रिकेट के बारे में बात करते हैं हम खेल से पहले रणनीति पर चर्चा करते हैं। वह मुझसे कहते हैं मैं वहीं दोहराऊं जो मैंने अभ्यास में किया था।’