एबी डिविलियर्स ने इस युवा खिलाड़ी को कहा RCB का भविष्य, क्या आप भी हैं उनकी बात से सहमत?
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में कुल 5 मुकाबलों में 2 में जीत दर्ज की है जबकि तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
अद्यतन - Apr 19, 2023 5:56 pm

दक्षिण अफ्रीका और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने RCB के युवा बल्लेबाज रजत पाटीदार की जमकर तारीफ की है और कहा है कि वो बैंगलोर फ्रेंचाइजी के भविष्य बन सकते हैं।
RCB इंसाइडर शो में एबी डिविलियर्स से यह सवाल पूछा गया कि वो RCB की रिटायर्ड 17 नंबर की जर्सी किसको देंगे तो उन्होंने कहा कि रजत पाटीदार इसके लिए सबसे सही खिलाड़ी होंगे।
एबी डिविलियर्स ने कहा कि, ‘यह बहुत ही मुश्किल सवाल है। शायद रजत पाटीदार। ‘द पाटा मैन’। मैंने उनको यह निकनेम दिया था। वो काफी अच्छा खेलते हैं। वो RCB का भविष्य हैं। मैं यह जर्सी किसी युवा खिलाड़ी को देना चाहूंगा, शायद रजत पाटीदार।’
बता दें, चोटिल होने की वजह से रजत पाटीदार इंडियन प्रीमियर लीग 2023 सीजन से बाहर हो गए हैं।
फाफ डु प्लेसिस RCB को ट्रॉफी जिताएंगे: एबी डिविलियर्स
बता दें, 2022 संस्करण से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी फाफ डु प्लेसिस कर रहे हैं। पिछले सीजन में भी उन्होंने काफी अच्छी कप्तानी की थी और इस सीजन में भी उनकी कप्तानी में टीम ने महत्वपूर्ण मुकाबलों में जीत दर्ज की है। एबी डिविलियर्स के मुताबिक फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी में RCB इस बार की ट्रॉफी अपने नाम करेगी।
पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘मुझे हमेशा से पता था कि फाफ RCB से जुड़ेंगे। फाफ इस भूमिका के लिए पूरी तरह से फिट बैठते हैं। मुझे लगता है कि वो हमारे लिए ट्रॉफी जरूर लाएंगे। मुझे लगता है कि वो काफी खुश है। जब वो यहां आए थे तब उन्हें यह बात पता चली थी कि मैं इतने सालों तक यहां क्यों खुश था।’
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में कुल 5 मुकाबलों में 2 में जीत दर्ज की है जबकि तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। अब उन्हें अपना अगला मुकाबला 20 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलना है।