‘उनका वो प्लान मास्टरस्ट्रोक था..’- PBKS के खिलाफ विराट कोहली की कप्तानी के मुरीद हुए इरफान पठान
विराट कोहली ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 47 गेंदो में 59 रनों की पारी खेली थी।
अद्यतन - Apr 21, 2023 2:37 pm

आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मुकाबले में विराट कोहली वापस से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की कप्तानी का जिम्मा संभालते हुए नजर आए। विराट कोहली की शानदार रणनीतियों के चलते RCB ने पंजाब किंग्स को 4 विकेट से शिकस्त देकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की।
टीम इस वक्त पॉइंट्स टेबल में 6 मैच में तीन जीत और 6 अंको के साथ पांचवे पायदान पर है। पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद पूर्व भारतीय खिलाड़ी इरफान पठान विराट कोहली की कप्तानी की जमकर तारीफ करते हुए नजर आए।
विराट कोहली के रणनीतियों की तारीफ करते नजर आए इरफान पठान
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 174 रन बोर्ड पर लगाए थे। विराट कोहली ने 47 गेंदो में 59 वहीं फाफ डु प्लेसिस ने 56 गेंदो में 84 रनों की सर्वाधिक पारी टीम के लिए खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स RCB के शानदार गेंदबाजी के आगे 18.2 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई।
RCB ने पावरप्ले में 4 विकेट निकाल लिए थे। जिसके चलते पंजाब किंग्स के लिए मुसीबतें बढ़ गई थी। विराट कोहली ने वानिंदु हसरंगा को तीसरे ओवर में गेंद थमाई थी और हसरंगा ने पहले ही गेंद पर मैथ्यू शॉर्ट को 8 रन पर पवेलियन भेज दिया। हसरंगा ने इसके अलावा शाहरूख खान को 7 रन पर आउट किया। विराट कोहली के इस रणनीति से इरफान पठान बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
इरफान पठान ने मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘वह एक अलग ही एनर्जी लेकर आते हैं, एनर्जी के साथ फैसले लेने की क्षमता। गेंदबाजी क्रम में लगातार बदलाव करना। हसरंगा को तीसरे ओवर में लेकर आना मास्टरस्ट्रोक था। वह जानते थे कि मैथ्यू शॉट को स्पिन के खिलाफ दिक्कत होती है। इसलिए स्पिनर के चलते टीम को मैच में मजबूती मिल गई।’
मोहम्मद सिराज को लेकर इरफान पठान ने कही यह बात
मोहम्मद सिराज ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। सिराज ने इसके अलावा पारी के छठे ओवर में हरप्रीत सिंह को 13 रन पर रनआउट किया था। इरफान पठान ने आगे कहा, ‘जब सिराज ने लिविंगस्टोन को आउट किया, तो उन्हें दूसरे छोर से लाया गया। और फिर फील्डिंग (हरप्रीत सिंह का रनआउट) ऐसा लग रहा था कि विराट कोहली की एनर्जी में सिराज ने वो रनआउट किया है।’