जब हरभजन सिंह ने सचिन तेंदुलकर को कर दिया था परेशान, गुस्सा होकर भारतीय क्रिकेटर ने भी पूछा, ‘आखिर क्यों….
हरभजन ने कहा कि जब उनका चयन भारतीय टीम में हुआ तब उन्होंने नेट्स में सचिन तेंदुलकर को गेंदबाजी की।
अद्यतन - अप्रैल 22, 2023 9:30 अपराह्न

भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने टीम के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को लेकर एक बड़ा खुलासा किया। बता दें, अपने 23 साल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटिंग करियर में सचिन तेंदुलकर ने कई महान खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया। उसमें कुछ ऐसे भी खिलाड़ी रहे जो खुद सचिन तेंदुलकर को अपना आदर्श मानते थे। उन्हीं में से एक थे हरभजन सिंह जिन्होंने सचिन के साथ काफी लंबे समय तक ड्रेसिंग रूम शेयर किया।
हरभजन सिंह ने इस बात का भी खुलासा किया कि जब वो अकादमी में गेंदबाज थे तब उन्होंने सचिन तेंदुलकर को गेंदबाजी भी की है। उन्होंने बताया कि जब भी मोहाली में कोई भी मुकाबला खेला जाता था तब वो भारतीय खिलाड़ियों को गेंदबाजी करते थे। हरभजन ने कहा कि जब उनका चयन भारतीय टीम में हुआ तब उन्होंने नेट्स में सचिन तेंदुलकर को गेंदबाजी की। कुछ गेंदों के बाद सचिन ने अपने सिर को घुमाकर हरभजन को बुलाया लेकिन जब भज्जी ने भारतीय बल्लेबाज से पूछा तो उन्होंने मना कर दिया।
सचिन तेंदुलकर ने फिर ऐसा किया और हरभजन सिंह वापस भारतीय बल्लेबाज के पास गए और उनसे वही सवाल फिर से पूछा। दो तीन बार ऐसा और होने के बाद सचिन तेंदुलकर भी परेशान हो गए और उसके बाद जो हुआ उसका खुलासा हरभजन सिंह ने किया।
जब मास्टर ब्लास्टर ने परेशान होकर हरभजन सिंह से पूछा सवाल
PTI के मुताबिक हरभजन सिंह ने कहा कि, ‘ऐसा तब हुआ जब मुझे सचिन पाजी को गेंदबाजी करने का मौका मिला। कुछ गेंदों के बाद मुझे ऐसा लगा कि वो सिर हिलाकर मुझे बुला रही है और इसीलिए मैं उनके पास गया और पूछा कि ‘ हां जी पाजी? आपने बुलाया?’ सचिन पाजी के साथ सबसे बड़ी बात यह थी कि जब वो बल्लेबाजी करते थे तब वो किसी से बातचीत नहीं करते थे। वो अपने जोन में थे और उन्होंने मुझे मना कर दिया।
थोड़े समय बाद उन्होंने फिर सिर हिलाया पर मैं फिर उनके पास गया। इस बार वह थोड़ा परेशान हो गए और उन्होंने मुझसे पूछा कि, ‘क्या हुआ आखिर तुम बार-बार क्यों मेरे पास आ रहे हो? मेरे अंदर इतनी हिम्मत नहीं थी कि मैं उनसे कहूं कि आप हर गेंद पर अपना सिर हिला रहे हैं और मुझे लग रहा है कि आपको मुझसे कोई बात करनी है।’
हालांकि बाद में मुझे पता चली कि उन दिनों सचिन थोड़ा बड़ा हेलमेट पहनते थे और इसीलिए सिर हिलाते थे ताकि वो अगली गेंद से पहले हेलमेट को सही तरह से एडजेस्ट कर सकें।’