आईपीएल 2023: दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ी राहत, पुलिस ने लाखों के सामान के साथ दो अपराधियों को किया गिरफ्तार
दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने जारी आईपीएल 2023 में अब तक केवल एक मैच जीता है।
अद्यतन - अप्रैल 23, 2023 12:18 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रैंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाड़ियों के बैट, पैड, दस्ताने और हेलमेट चोरी करने वाले दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। 15 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाड़ियों की किट को आईटीसी गार्डेनिया से केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (KIA) ले जाने के दौरान यह चोरी हुई।
खबरों के अनुसार, चोरी हुए सामान में 16 बल्ले, पैड, जूते, थाई पैड और ग्लव्स शामिल थे। चोरी हुई बल्लों में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान डेविड वार्नर, ऑलराउंडर मिशेल मार्च, इंग्लैंड के फिल सॉल्ट और भारत के अंडर-19 स्टार यश ढुल के शामिल थे और सभी क्रिकेटिंग गियर की कीमत लाखों में बताई गई थी।
इस बीच, पुलिस ने उड़िया मूल के सम्पंगीरामनगर के सुधांशु नायक और छल्लाघट्टा के पास के इलाके के राजराजेश्वरी लेआउट में रहने वाले चेलुवराज उर्फ नटराज को हिरासत में लिया हैं। सुधांशु एक कूरियर बॉय के रूप में काम करता है, जबकि चेलुवराज एक छोटे मालवाहक वाहन का ड्राइवर है। पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) श्रीनिवास आर. गौड़ा ने अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस सब-इंस्पेक्टर भीमसेन घाटगे के नेतृत्व में एक टीम बनाई थी, जिन्हे अंततः सफलता मिली।
चोरी होटल से एयरपोर्ट सामान पहुंचाने के दौरान हुई
मुंबई के एक्सप्रेस फ्रेट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक आनंदा अग्रवाल ने कथित तौर पर 21 अप्रैल को पुलिस को घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद 24 घंटे के भीतर दोनों अपराधियों को पकड़ लिया गया और उनके घरों से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया। अग्रवाल ने बताया चोरी उस समय हुई जब उस शाम क्रिकेट उपकरण केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (KIA) को सौंपे जा रहे थे। उनकी कंपनी को DC लॉजिस्टिक्स के प्रमुख अरविंद नेगी ने आईटीसी गार्डेनिया होटल से KIA तक टीम का सामान पहुंचाने के लिए हायर किया था। उन्हें इंडिगो फ्लाइट के माध्यम से दिल्ली में EFS फैसिलिटी के लिए सामान ट्रांसपोर्ट करने का निर्देश दिया गया था।
आनंदा अग्रवाल ने बेंगलुरु में अपने प्रबंधन सहयोगी दिनेश को यह कार्य सौंपा था। दिनेश और उसके दोस्त सुधांशु ने लगभग 10 बजे दो छोटे माल ट्रांसपोर्ट करने वाली वैन में होटल और चिन्नास्वामी स्टेडियम की यात्रा की। उन्होंने अभिषेक के वाहन में 25 सूटकेस और चेलुवाराजू के वाहन में 39 बैग रखे थे। इस बीच, एक सीनियर अधिकारी के अनुसार, जब दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाड़ी 16 अप्रैल को दिल्ली में एक अभ्यास सत्र के लिए अपनी किट लेकर आए, उस समय उन्हें चोरी का पता चला, जहां लगभग 17 बल्ले, तीन थाई पैड, सात दस्ताने, दो हेलमेट, तीन बल्लेबाजी पैड, तीन जोड़ी जूते, और दो जोड़ी चश्मे गायब थे।
पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने में की देरी
आनंद अग्रवाल ने डेक्कन हेराल्ड को बताया: ‘दिनेश और अन्य कर्मचारी 17 अप्रैल को कब्बन पार्क पुलिस में शिकायत दर्ज कराने गए, लेकिन उन्हें दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज करने के लिए कहा गया, क्योंकि सामान पहले ही दिल्ली पहुंच चुका था। मुझे मुंबई से बेंगलुरु आना पड़ा और सीनियर अधिकारियों से संपर्क करना पड़ा, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अंत में, मैंने पुलिस आयुक्त सीएच प्रताप रेड्डी से संपर्क किया और उन्हें समझाया कि चोरी बेंगलुरु में हुई थी। और फिर रेड्डी ने कब्बन पार्क पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया।’
आपको बता दें, सुधांशु ने एक किट से बैट चुराना स्वीकार किया। चेलुवरजू ने 18 गेंदें, एक सेंटर गार्ड, एक बैग, चार जोड़े हाथ के दस्ताने, दो हेलमेट, तीन जोड़ी लेग पैड, दो जांघ पैड और 11 बल्ले चुराने की बात स्वीकार की। बरामद सामान की कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है। उन दोनों ने कहा कि उन्होंने केवल अपने इस्तेमाल के लिए सामान चुराया था, और उनका उस सामन को बेचने का कोई इरादा नहीं था।