'लग रहा था 160 भी नहीं बनेंगे वहां 214 बन गए क्योंकि...'- आकाश चोपड़ा ने अर्जुन तेंदुलकर को ठहराया हार के लिए जिम्मेदार - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘लग रहा था 160 भी नहीं बनेंगे वहां 214 बन गए क्योंकि…’- आकाश चोपड़ा ने अर्जुन तेंदुलकर को ठहराया हार के लिए जिम्मेदार

अर्जुन तेंदुलकर ने पंजाब किंग्स के पारी के 16वें ओवर में 31 रन दिए थे।

Arjun Tendulkar Aakash Chopra (Photo Source: Twitter)
Arjun Tendulkar Aakash Chopra (Photo Source: Twitter)

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के शुरूआती दो मुकाबलों में हार के बाद जीत की हैट्रिक लगाकर पॉइंट्स टेबल में अपनी जगह को और भी मजबूत किया था। लेकिन टीम को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में 13 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले खेले गए मैच में अर्जुन तेंदुलकर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में जीत के हीरो बने थे।

अर्जुन तेंदुलकर ने 20 रनों का बचाव करते हुए 14 रनों से टीम को जीत दिलाई थी। लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ एक ओवर में अर्जुन तेंदुलकर 31 रन देते हुए नजर आए। इस मुकाबले में 3 ओवर में 48 रन देकर अर्जुन तेंदुलकर काफी ज्यादा महंगे साबित हुए। मुंबई इंडियंस के हार के बाद क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अर्जुन तेंदुलकर के प्रदर्शन पर बड़ा बयान दिया है।

अर्जुन तेंदुलकर के खराब प्रदर्शन पर आकाश चोपड़ा ने कही यह बात

पंजाब किंग्स के खिलाफ अर्जुन तेंदुलकर शानदार शुरूआत करते हुए नजर आए थे। सातवें ओवर में अर्जुन ने प्रभसिमरन सिंह को 26 रनों पर आउट किया था। लेकिन पंजाब के पारी के 16वें ओवर में अर्जुन तेंदुलकर ने 31 रन दे डालें। जिसके चलते पंजाब किंग्स अपना स्कोर 200 के पार ले जाने में कामयाब रही।

मैच के बाद आकाश चोपड़ा ने अर्जुन तेंदुलकर के प्रदर्शन पर बात करते हुए अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘पंजाब 10 ओवरों में 85 रन भी नहीं बना पाई थी। जिसके बाद सवाल था कि क्या यह टीम 160 तक भी पहुंच पाएगी लेकिन वह 214 तक पहुंच गए। अर्जुन तेंदुलकर का एक ओवर था जिसमें 31 रन आए, जिसके बाद से मोमेंटम फिर शिफ्ट हो गया।’

अर्जुन ने यह शर्मनाक रिकॉर्ड भी किया अपने नाम

आईपीएल में लंबे इंतजार के बाद अर्जुन तेंदुलकर को इस सीजन डेब्यू का मौका मिला। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ डेब्यू मैच में अर्जुन ने दो ओवर में 17 रन दिए थे। वहीं दूसरे मैच में भी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अर्जुन शानदार नजर आए थे। आईपीएल के तीन मैचों में अर्जुन तेंदुलकर अब तक दो विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

आपको बता दें पंजाब किंग्स के खिलाफ अर्जुन तेंदुलकर द्वारा डाला गया ओवर किसी मुंबई इंडियंस के गेंदबाज द्वारा डाला गया दूसरा सबसे महंगा ओवर है। अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 25 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होगा। मुंबई इस मैच में धमाकेदार वापसी जरूर करना चाहेगी।

close whatsapp