दिल्ली कैपिटल्स की खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन पर अक्षर पटेल का बड़ा बयान, कहा-पता नहीं चला कि अचानक क्या हुआ
अक्षर पटेल ने बैटिंग के साथ साथ बॉलिंग से भी बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
अद्यतन - अप्रैल 25, 2023 11:30 पूर्वाह्न

आईपीएल 2023 के 34 वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 रनों से मात दी। दोनों टीमों के बीच खेला गया यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा। बता दें पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 144 रन बनाए। जिसके जवाब में हैदराबाद की टीम 137 रन ही बना सकी।
दरअसल इस मैच में दिल्ली ने शुरुआत बेहद खराब की थी। इस टीम ने बहुत जल्दी-जल्दी अपने 3 विकेट गवां दिए थे। लेकिन वहीं दिल्ली की ओर से अक्षर पटेल और मनीष पांडे ने अच्छी पारी खेलते हुए अपनी टीम को 144 के लक्ष्य तक पहुंचाने में मदद की।
मुझे पता ही नहीं चला कि आखिर हो क्या रहा है- अक्षर पटेल
बता दें अक्षर पटेल ने बैटिंग के साथ-साथ बॉलिंग से भी बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान अक्षर पटेल ने बताया कि दिल्ली के 3 विकेट गिरने के बाद ड्रेसिंग रूम का माहौल कैसा था। दरअसल मैच के बाद अक्षर पटेल से जब हर्षा भोगले ने पूछा कि, 62 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद जब बैटिंग के लिए आना पड़ा तो आप क्या सोच रहे थे।
तब अक्षर पटेल ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि, मुझे पता ही नहीं चला कि आखिर हो क्या रहा है। मैंने कॉफी आर्डर ही की थी और मुझे मेरा कप छोड़कर आना पड़ा क्योंकि एक ही ओवर में 3 विकेट गिर गए थे। तो मुझे भागकर सीधा बल्लेबाजी करने आना पड़ा।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, मेरे और मनीष के बीच अच्छी पार्टनरशिप हुई क्योंकि हम जानते थे कि जितना ज्यादा रन बनेंगे, हमारे पास एक मौका होगा। वहीं कॉफी के सवाल पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि, यह अभी भी वहीं हैं। बता दें अक्षर पटेल ने ना सिर्फ बैटिंग से बल्कि गेंद के साथ भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने इस मैच में 34 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और 2 विकेट भी चटकाए।