IPL 2023: पृथ्वी शॉ के खराब प्रदर्शन से काफी नाराज हैं साइमन डूल, दिया यह बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023: पृथ्वी शॉ के खराब प्रदर्शन से काफी नाराज हैं साइमन डूल, दिया यह बड़ा बयान

पृथ्वी शॉ ने अभी तक दिल्ली कैपिटल्स की ओर से इस सीजन में छह मुकाबलों में मात्र 43 रन बनाए हैं जिसमें दो डक भी शामिल हैं।

Prithvi Shaw and Simon Doull (Pic Source-Twitter)
Prithvi Shaw and Simon Doull (Pic Source-Twitter)

न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर साइमन डूल ने दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के इस समय खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में खराब प्रदर्शन को लेकर उनकी जमकर आलोचना की है। बता दें, पृथ्वी शॉ ने अभी तक IPL 2023 में काफी निराशाजनक बल्लेबाजी की है और इसी वजह से दिल्ली कैपिटल्स को पहले पांच मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

पृथ्वी शॉ ने अभी तक दिल्ली कैपिटल्स की ओर से इस सीजन में छह मुकाबलों में मात्र 43 रन बनाए हैं जिसमें दो डक भी शामिल हैं। साइमन डूल के मुताबिक युवा बल्लेबाज इस समय अनफिट हैं। 24 अप्रैल को खेले गए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में पृथ्वी शॉ को प्लेइंग XI से बाहर कर दिया गया और दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में 7 रन से जीत दर्ज की।

साइमन डूल ने क्रिकबज को कहा कि, ‘आप एक ही सड़क में आगे नहीं जा सकते। अगर चीजें आपके हिसाब से नहीं हो रही हैं तो आपको अपने प्रदर्शन में बदलाव करना होगा। उन्हें अपने खेल को समझना होगा और उसके बाद अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी। इस समय चीजें उनके लिए सही नहीं जा रही है। बैंगलोर में भी डेविड वॉर्नर के साथ बल्लेबाजी करते समय वो रन आउट हो गए थे।’

पृथ्वी शॉ को अपनी गलतियों की सजा मिल रही है: साइमन डूल

साइमन डूल ने आगे कहा कि, ‘जब दिल्ली कैपिटल्स फील्डिंग कर रही थी तब वो पूरे समय बेंच पर बैठे हुए थे और उन्होंने कुछ भी नहीं किया। बाद में पृथ्वी बल्लेबाजी करने उतरे और उन्होंने विकेट के बीच में रनिंग भी काफी खराब की। यह सब छोटी-छोटी चीजें मुकाबले को अच्छा और खराब दोनों करती हैं। उनका पूरा सत्र काफी खराब रहा है और मुझे लगता है कि वो अनफिट है और अपने खेल को सही तरीके से नहीं समझ पा रहे और इसी वजह से उन्हें इसका भारी नुकसान उठाना पड़ा।’

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में टॉस के दौरान कहा था कि पृथ्वी शॉ को आराम दिया गया है और टीम ने फैसला लिया है कि और भी विकल्प को देखना चाहिए। हालांकि उन्हें यह भी भरोसा है कि भारतीय सलामी बल्लेबाज जबरदस्त वापसी करेंगे।

बता दें, शुरुआती पांच मुकाबले हारने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने जबरदस्त वापसी की और लगातार दो मुकाबले जीते। पहले दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया और फिर सनराइजर्स हैदराबाद को।

close whatsapp