विराट कोहली को दोबारा टीम इंडिया की कमान सौंपे जाने के पक्ष में नहीं हैं हरभजन सिंह!
हरभजन सिंह ने कहा भारत को अब टीम के लिए नया कप्तान तैयार करना चाहिए।
अद्यतन - मई 5, 2023 1:53 अपराह्न

पूर्व भारतीय स्पिनर और कमेंटेटर हरभजन सिंह विराट कोहली को दोबारा टीम इंडिया की कप्तानी सौंपे जाने के पक्ष में नहीं है। दरअसल, कोहली ने 2021 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की कप्तानी और साथ ही भारत की T20I टीम की कप्तानी छोड़ी थी।
जिसके बाद दिग्गज बल्लेबाज को 2022 में वनडे टीम के कप्तान के पद से हटा दिया गया और फिर उन्होंने खुद टेस्ट टीम की कप्तानी त्याग दी थी। हालांकि, विराट कोहली जारी आईपीएल 2023 में रेगुलर कप्तान फाफ डु प्लेसिस के चोटिल होने के कारण RCB के कप्तान के रूप में लौट आए हैं, जिसे देख पूर्व भारतीय मुख्य कोच रवि शास्त्री ने सुझाव दिया कि जब भी रोहित शर्मा चोटिल होते हैं, या फिर कप्तानी के लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं, ऐसे में पूर्व कप्तान को टीम की बागडोर सौंपी जानी चाहिए।
‘आप विराट की तरफ दोबारा नहीं देख सकते हैं’: हरभजन सिंह
हालांकि, हरभजन सिंह रवि शास्त्री के सुझाव से सहमत नहीं है, लेकिन उन्होंने कहा कि एक मैच में विराट कोहली को कप्तानी दी जा सकती है, लेकिन अगर सीरीज की बात है, तो वह इसके पक्ष में नहीं है। भज्जी ने हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से कहा: “विराट कोहली को स्टैंड-इन कप्तान बनाना एक बड़ा कदम पीछे लेने जैसा होगा। यदि आप पीछे हटते रहेंगे, तो आप आगे कैसे बढ़ेंगे? ऐसा नहीं है कि विराट खराब कप्तान थे। जब तक विराट कप्तान रहे, वो शानदार थे।
बतौर कप्तान घरेलू सरजमीं और विदेश में उनके रिकॉर्ड इसका सबूत है। विराट ने बेहतरीन परिणाम दिए है। लेकिन मैं इतना जरूर मानता हूं कि अगर रोहित नहीं खेल रहा है, या चोटिल है या जो भी कारण हो तो, हमें किसी और को बागडोर सौंपने के बारे में सोचना चाहिए। अगर एक मैच की बात करें तो हां, विराट कमान संभाल सकते हैं। अगर यह WTC फाइनल जैसा बड़ा मैच है, तो क्यों नहीं? ऐसी स्थिति में कोहली को स्टैंड-इन कप्तान बनाया जा सकता है।
लेकिन अगर आप 4 मैचों की सीरीज की बात करे, जिसके लिए रोहित शर्मा उपलब्ध नहीं है, तो वह समय नए कप्तान को तैयार करने का है, आप विराट की तरफ दोबारा नहीं देख सकते हैं। अगर आप एक लंबी सीरीज में विराट के पास वापस जाते हैं, तो यह सही दिशा में उठाया गया कदम नहीं होगा। पहली बात तो विराट ऐसा नहीं करेगा, और अगर करता भी है तो, यह ऐसा होगा कि हमने अगला कप्तान तैयार नहीं किया है।”