केएल राहुल ने दी अपनी इंजरी पर बड़ी अपडेट, IPL 2023 के साथ WTC फाइनल से भी हुए बाहर
7 जून से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल।
अद्यतन - May 5, 2023 4:58 pm

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। दरअसल आईपीएल 2023 में फील्डिंग करते समय लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल चोटिल हो गए थे। जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। वहीं उनके फैंस भी उनकी हेल्थ को लेकर काफी चिंता कर रहे थे।
लेकिन अब वहीं केएल राहुल के इंजरी से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। दरअसल चोट के कारण केएल राहुल अब लगभग दो महीने के लिए क्रिकेट से दूर रहेंगे। बता दें वह आईपीएल 2023 के बाकी मैचों के साथ-साथ WTC फाइनल से भी बाहर हो गए हैं। इस बात की जानकारी खुद केएल राहुल ने दी है।
दरअसल अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर केएल राहुल ने अपने इंजरी से जुड़ी अपडेट शेयर किया है। बता दें उन्होंने इंस्टा पोस्ट शेयर कर लिखा कि, मेडिकल टीम के साथ विचार-विमर्श करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया है कि जल्द ही मेरे जांघ की सर्जरी होने वाली है।
पूरी तरह ठीक होने के लिए यह फैसला सही है- केएल राहुल
केएल राहुल ने आगे लिखा कि, मेरा ध्यान अब आने वाले हफ्तों में अपने रिहैबिलिटेशन और रिकवरी पर रहेगा। यह बहुत ही कठिन फैसला है, लेकिन मुझे पता है कि पूरी तरह से ठीक होने के लिए यह फैसला सही है। टीम के कप्तान के रूप में मुझे इस महत्वपूर्ण समय पर वहां नहीं होने से काफी दुख भी हुआ है, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि साथी खिलाड़ी हमेशा की तरह अपना बेस्ट परफॉरमेंस देंगे। मैं टीम का हर मैच देखूंगा और उनका हौसला भी बढ़ाऊंगा।
यहां देखिए केएल राहुल का वो पोस्ट
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वह WTC से भी बाहर हो गए हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि, मैं इस बात से काफी निराश हूं कि मैं अगले महीने टीम इंडिया के साथ ओवल में नहीं रहूंगा। लेकिन मैं टीम में वापस आने और अपने देश के लिए खेलने के लिए सब कुछ करूंगा। यह हमेशा ही मेरे लिए महत्वपूर्ण होगा। बता दें केएल राहुल की इस पोस्ट पर फैंस अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।