काफी तेजी से ट्रैक पर लौट रही है ऋषभ पंत की फिटनेस, खुद ने दी अब तक की सबसे बड़ी अपडेट - क्रिकट्रैकर हिंदी

काफी तेजी से ट्रैक पर लौट रही है ऋषभ पंत की फिटनेस, खुद ने दी अब तक की सबसे बड़ी अपडेट

ऋषभ पंत ने अपनी रिकवरी में मिली एक बड़ी सफलता फैंस के साथ शेयर की।

Rishabh Pant. (Image Source: Twitter)
Rishabh Pant. (Image Source: Twitter)

टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत पिछले साल दिसंबर में एक भयानक कार दुर्घटना का शिकार होने के बाद फिलहाल रिकवर हो रहे हैं।

जनवरी 2023 में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद से बाएं-हाथ का यह बल्लेबाज सोशल मीडिया पर लगातार फोटो और वीडियो शेयर करते हुए फैंस को अपनी रिकवरी प्रोसेस की अपडेट दे रहा है। इस बीच, ऋषभ पंत ने 5 मई को अपनी रिकवरी में मिली एक बड़ी सफलता अपने फैंस के साथ शेयर की।

‘ऋषभ पंत ने छोड़ा बैसाखियों का सहारा’

दरअसल, भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो अपलोड किया है, जहां वह बिना किसी सहारे के चलते हुए नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर भारतीय क्रिकेट प्रशंसक बहुत खुश होंगे। आपको बता दें, 25-वर्षीय क्रिकेटर कार दुर्घटना के बाद से बैसाखियों के सहारे चल रहे थे, लेकिन लग रहा है अब उन्हें सहारे की जरुरत नहीं है। पंत जारी आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के एक मैच के दौरान बैसाखियों के सहारे चलते हुए नजर आए थे।

इस बीच, ऋषभ पंत द्वारा ट्विटर पर शेयर किए गए वीडियो में वह अपनी बैसाखी फेंकते और बिना किसी सहारे के अपने दम पर चलते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनमें काफी आत्मविश्वास भी दिख रहा था। हालांकि, पंत ने अपनी रिकवरी में महत्वपूर्ण प्रगति की है, लेकिन वह इस साल काफी क्रिकेट से चूक जाएंगे, जिसमें WTC 2023 फाइनल और वनडे वर्ल्ड कप 2023 शामिल है। पंत ने ट्विटर पर शेयर किए वीडियो के कैप्शन में लिखा: “हैप्पी नो मोर क्लचेस डे!”

यहां देखिए वीडियो –

आपको बता दें, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेविड वार्नर पंत की अनुपस्थिति में जारी आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का नेतृत्व कर रहे हैं। जबकि पंत की अनुपस्थिति में, भारत केएल राहुल, इशान किशन और केएस भरत पर क्रमशः वनडे, T20I और टेस्ट प्रारूपों में विकेटकीपर के रूप में निर्भर है।

close whatsapp